
केंद्रीय खेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को कहा कि बिलासपुर में निर्मित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) को अगले छह महीने के भीतर पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा। दरअसल, रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा समेत हिमांचल प्रदेश के बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य रसायन और उर्वरक मंत्री मनसुख मंडाविया और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पहुंचे।
हिमांचल प्रदेश के इस दौरे पर उन्होंने बिलासपुर में बन रहे AIIMS की प्रगति और निर्माण अवधि का मूल्यांकन किया। इस दौरान एक कार्यक्रम में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आम लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुगम बनाने के लिए हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर (Health Infrastructure) को सुदृढ़ बनाने में यह एक बड़ा कदम है। उन्होंने आगे जह भी जानकारी दी कि इसे अगले छह महीने के भीतर पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस दौरान कहा कि वास्तव में AIIMS हिमांचल प्रदेश को केंद्र सरकार का सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि दुनिया ने देश की बौद्धिक क्षमता को माना है। उन्होंने आगे कहा कि नासा के दस वैज्ञानिकों में से लगभग तीन वैज्ञानिक भारतीय हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की ताकत को पहचाना और वैज्ञानिकों को कोरोना वायरस के खिलाफ अपना टीकाकरण विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान जेपी नड्डा ने कोविड वैक्सीन देने वाले डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को भी सम्मानित किया।