
शीतकालीन सत्र से पहले केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी है। इन विधेयकों को लेकर बीजेपी लगातार विपक्षी दलों से बातचीत कर रही है। पिछले सत्र में ये विधेयक पास नहीं हो सके थे।
इस बीच परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी गठबंधन में मतभेद सामने आने लगे हैं। डीएमके के साथ एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने भी संकेत दिया है कि वह परिसीमन विधेयक पर इंडी गठबंधन के साथ नहीं है और सदन में सरकार के पक्ष में मतदान करेगी। एनसीपी (एसपी) के इस रुख पर कांग्रेस ने नाराजगी जताते हुए शरद पवार पर निशाना साधा है।
महाराष्ट्र कांग्रेस ने शरद पवार पर कसा तंज
महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एनसीपी (एसपी) के रुख पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने लिखा कि 85 साल की उम्र में शरद पवार को दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए पार्टी ने आखिरी समय तक उनका मजबूती से साथ दिया था।
कांग्रेस के मुताबिक, मार्च 2026 में महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। उस समय एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि किसी उम्मीदवार को जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।
राहुल गांधी और खरगे ने दी थी शरद पवार की उम्मीदवारी को मंजूरी
महाराष्ट्र कांग्रेस ने आगे लिखा कि सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के सहमति दे दी थी।
कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था। इसके बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी उनका समर्थन किया और महा विकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी।
परिसीमन पर समर्थन को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
महाराष्ट्र कांग्रेस ने तंज कसते हुए लिखा कि अब परिसीमन कानून की पृष्ठभूमि में शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी बीजेपी सरकार का समर्थन करने जा रही है।
जितेंद्र आव्हाड ने बताया परिसीमन को संवैधानिक आवश्यकता
दरअसल, शुक्रवार को एनसीपी (एसपी) नेता जितेंद्र आव्हाड ने घोषणा की थी कि उनकी पार्टी प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी। उन्होंने शरद पवार के साथ चर्चा के बाद इसे संवैधानिक आवश्यकता बताया।
आव्हाड ने कहा कि पार्टी में इस विषय पर चर्चा किसी औपचारिक राजनीतिक रुख को लेकर नहीं, बल्कि परिसीमन प्रक्रिया की संवैधानिक प्रकृति को लेकर हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का निर्णय ले चुकी है और सदन में इसका समर्थन करेगी।
सुप्रिया सुले ने भी दिखाई नरम रुख
वहीं, प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर सुप्रिया सुले का रुख भी नरम पड़ता दिखाई दे रहा है। उन्होंने विधेयक का सीधे तौर पर विरोध करने के बजाय उसके प्रावधानों पर विचार करने की बात कही है।
26 नवंबर को सुप्रिया सुले ने कहा था कि विधेयक के प्रावधानों की जांच किए बिना उसे खारिज करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें देश के लिए फायदेमंद उपाय हो सकते हैं।
सुले ने विपक्षी दलों से अपील की कि वे किसी कानून का विरोध सिर्फ इसलिए न करें क्योंकि उसे सत्ताधारी सरकार ने पेश किया है। इसके बजाय कानून के प्रावधानों का गहन मूल्यांकन किया जाए और रचनात्मक सुझाव दिए जाएं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपना रुख तय करने से पहले प्रस्तावित कानून का पूरा विवरण हासिल करने की भी अपील की।









