11 सीटों पर निर्विरोध जीत के बाद राज्यसभा में NDA को मिला बहुमत, 1 पर कांग्रेस का उम्मीदवार विजयी

12 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव में उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने के बाद राज्यसभा में NDA को बहुमत मिल गया है।

9 राज्यों की 12 राज्यसभा सीटों पर 3 सितंबर को उपचुनाव होने वाला था। लेकिन उससे पहले 27 अगस्त को सभी 12 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। जिनमें NDA के 11 उम्मीदवार और 1 सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार को विजय मिली है। ऐसे में अब NDA को राज्यसभा में बहुमत मिल गया है।

ये उम्मीदवार चुने गए निर्विरोध

राज्यसभा के उपचुनाव में बीजेपी की तरफ से राजस्थान से रवनीत सिंह बिट्टू, हरियाणा से किरन चौधरी, मध्य प्रदेश से जॉर्ज कुरियन, बिहार से मनन कुमार मिश्रा, ओडिशा से ममता मोहंता, त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्जी, महाराष्ट्र से धैर्यशील पाटिल और असम से रामेश्वर तेली के साथ मिशन रंजन दास को निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं सहयोगी दलों में NCP (अजीत पवार गुट) की तरफ से महाराष्ट्र से नितिन पाटिल और बिहार से राष्ट्रीय लोक मोर्चा की तरफ से उपेंद्र कुशवाहा को निर्विरोध चुना गया है। जबकि कांग्रेस की तरफ से तेलंगाना में अभिषेक मनु सिंघवी को निर्विरोध जीत मिली है।

राज्यसभा में NDA को बहुमत

12 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव में उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने के बाद राज्यसभा में NDA को बहुमत मिल गया है। आपको बता दें राज्यसभा में कुल 245 सीटें हैं। लेकिन 4 जम्मू-कश्मीर और 4 मनोनीत सांसदों की सीट खाली है। ऐसे में अभी 237 राज्यसभा सीट हैं, जिनमें बहुमत का आंकड़ा 119 है। वहीं उपचुनाव के बाद बीजेपी के कुल सांसदों की संख्या 96 हो गई है। जबकि NDA के कुल सांसदों को मिलाकर 112 संख्या है। इसके अलावा NDA को 6 मनोनीत और 1 निर्दलीय सांसद का समर्थन प्राप्त है। इस तरह कुल मिलाकर NDA को 119 के बहुमत की संख्या पूरी है।

Related Articles

Back to top button