
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग स्थित सनशाइन पीक पर फंसे 24 पर्यटकों को भारतीय सेना ने बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए सुरक्षित बचा लिया। पर्यटक करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर खराब मौसम और बर्फीले हालात के बीच फंस गए थे।

हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी
जानकारी के मुताबिक, एक निजी हेलिकॉप्टर पर्यटकों को सनशाइन पीक पर घुमाने ले गया था। इसी दौरान हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे पर्यटक पहाड़ पर ही फंस गए। मौसम तेजी से बिगड़ रहा था और इलाके में घना कोहरा छा गया।

सेना ने संभाला मोर्चा
रेस्क्यू ऑपरेशन में भारतीय सेना के चिनार वॉरियर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस, बारामूला प्रशासन और गुलमर्ग डेवलपमेंट अथॉरिटी ने संयुक्त रूप से काम किया। सेना के एविएशन पायलटों ने बेहद खराब विजिबिलिटी और तेज हवाओं के बीच कई बार उड़ान भरकर पर्यटकों तक पहुंच बनाई।


सभी पर्यटक सुरक्षित निकाले गए
कठिन परिस्थितियों के बावजूद सेना ने सभी 24 पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ऑपरेशन में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों ने इसे सेना की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया।








