
उत्तर प्रदेश में मौसम ने जबरदस्त करवट ली है। पिछले 24 घंटों से प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है, जिससे ठंडक बढ़ गई है। शनिवार सुबह भी नोएडा-गाजियाबाद समेत कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, इस बार फरवरी में ही तापमान ने नया रिकॉर्ड बना दिया।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, कई जिलों में बारिश जारी
पश्चिमी विक्षोभ के कारण यूपी के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, हालांकि इसके बाद तापमान फिर से बढ़ने लगेगा।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, बहराइच, शाहजहांपुर, बरेली, बिजनौर, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
73 साल में सबसे गर्म रात, टूटा रिकॉर्ड
जहां बारिश से ठंडक बढ़ी है, वहीं 28 फरवरी को लखनऊ में 73 साल में सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई। न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो फरवरी में अब तक का सबसे अधिक दर्ज किया गया तापमान है। इससे पहले 1952 में ऐसा तापमान दर्ज किया गया था।
मार्च में हीटवेव की दस्तक, 50 डिग्री तक जा सकता है तापमान
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस साल गर्मी जल्दी आ जाएगी। मार्च में हीटवेव का असर दिख सकता है और मई-जून में पारा 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जनवरी में सामान्य से 88% कम बारिश हुई थी, जिससे गर्मी जल्दी पड़ने की आशंका बढ़ गई है।