दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग से 8 लोग घायल, गांव में दहशत

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के नूरपुर गांव में मंगलवार को दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। इस घटना में महिला सहित 8 लोग घायल हो गए हैं। गोलीबारी के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए अंकुश को मेरठ रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज हापुड़ अस्पताल में किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना गांव में रास्ते से गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई और स्थानीय लोग घरों में दुबक गए।

सूत्रों के मुताबिक, मृतक दारोगा के दो बेटों पर फायरिंग का आरोप लगाया जा रहा है। आरोप है कि प्रेमपाल और संजय ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

थाना बाबूगढ़ के क्षेत्र में हुई इस घटना ने इलाके में तनाव का माहौल बना दिया है। पुलिस घटना की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Related Articles

Back to top button