खेतों में पानी चलाने को लेकर बवाल, पिता और दो बेटों को मारी गोली, 2 की मौत, 1 गंभीर

मामला दो समुदायों के बीच का है। इसलिए, गांव में तनाव है। आज सुबह मोदीनगर- धोलड़ी मार्ग पर लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

खेतो में पानी चलाने को लेकर गाजियाबाद में ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। जिसमें पिता और एक बेटे की वहीं मौत हो गई, जबकि दूसरे बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे मेरठ में भर्ती कराया गया है। मामला मोदीनगर थाना क्षेत्र के खिदोड़ा गांव का है। बाग में पानी लगाने को लेकर विवाद हुआ था। मामला दो समुदायों के बीच का है। इसलिए, गांव में तनाव है। आज सुबह मोदीनगर- धोलड़ी मार्ग पर लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पाकर फोर्स पहुंची। लोग आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग कर रहे हैं।

क्या था पूरा मामला?

खिदोडा में रहने वाले वेद प्रकाश त्यागी का गांव में ही बाग है। मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के धोलड़ी के रहने वाले पप्पू (60) ने वेद प्रकाश से बाग ठेके पर ले रखी है। शुक्रवार रात 8 बजे पप्पू अपने बाग में रजवाहे से पानी लगा रहे थे। इसका उनके पड़ोसी बाग के मालिक दीपक त्यागी, सुधीर त्यागी, गुड्डु त्यागी ने विरोध किया। ये लोग पानी अपने बाग में लगाना चाहते थे। इसी को लेकर विवाद हुआ।

मामला बढ़ा तो खुद वेद प्रकाश मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दीपक और पप्पू के पक्ष को समझा-बुझाकर मामला सुलझा लिया। बताया जा रहा है कि रात 10 बजे के आसपास पप्पू अपने बेटों राजा (25) और चांद (23) के साथ बाइक से गांव धोलडी से बाग में जा रहे थे। जब वह नहर वाले मार्ग पर पहुंचे तो वहां पहले से घट लगाए लोगों ने तीनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की गई।

मामला दो समुदाय से जुड़ा

आरोप है कि गोली मारने के बाद पप्पू को रजवाहे में फेंक दिया। राजा और चांद को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंका। फिर आरोपी फरार हो गए। राजा की मौत हो चुकी थी, जबकि चांद की सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल मेरठ के अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक है। वहीं आज सुबह घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर पप्पू का शव रजवाहे में मिला। डबल मर्डर से गांव में आक्रोश है। गुस्साए लोगों  ने निवाड़ी धोलडी मार्ग पर जाम लगाया हुआ है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण स्थिति तनावपूर्ण है।

Related Articles

Back to top button