
रामनगर के पुछड़ी नई बस्ती गांव में आज यानी रविवार को सुबह फुटबॉल खेलने जा रहे बच्चों ने रामलीला मैदान में पेड़ से लटका एक 22 वर्षी युवक का शव देखा। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की शुरू कर दी है। परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि आज सुबह रामनगर के पुछड़ी नई बस्ती में सुबह-सुबह रामलीला मैदान में खेलने जा रहे बच्चों को एक पेड़ से 22 वर्षीय युवक गौरव बोरा का शव पेड़ से लटका मिला। जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रामनगर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए रामनगर कोतवाली में तैनात एसएसआई मनोज नयाल ने बताया कि आज सुबह हमें सूचना मिली थी, की पुछड़ी नई बस्ती में रामलीला ग्राउंड के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका है। उन्होंने कहा कि मौके पर जाकर देखा तो प्रथम द्रष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद से ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच भी की जा रही है। जांच के बाद ही सारी बातें स्पष्ट रूप से सामने आएंगी।









