वाराणसी स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को योगी के मंत्री ने लगाई फटकार, लापरवाही से हुआ नाम बदलने का कंफ्यूजन!

नगर निगम के महापौर ने भी किसी भी सरकारी दस्तावेज में डॉक्टर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम का नाम न होने का हवाला दिया।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रविंद्र जायसवाल गुरुवार की शाम वाराणसी में बने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री संपूर्णानंद के नाम से बदल वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स किए जाने पर मंत्री रविंद्र जायसवाल ने वाराणसी स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को सरेराह फटकार लगाई। स्टेडियम के गेट पर डॉक्टर संपूर्णानंद का नाम न लिखे होने पर बिफरे मंत्री रविंद्र जायसवाल ने स्टेडियम के सभी गेटों पर सही प्रकार डॉक्टर संपूर्णानंद का नाम लिखे जाने का निर्देश दिया।

दरअसल वाराणसी में पीएम नरेंद्र मोदी ने स्टेडियम के पुनर्निर्माण के बाद 20 अक्टूबर को वाराणसी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का उद्घाटन किया। स्टेडियम के किसी भी गेट पर डॉक्टर संपूर्णानंद का नाम न होने से विपक्ष के नेताओं ने स्टेडियम का नाम बदले जाने का आरोप लगाते हुए वाराणसी में हंगामा काटा। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सरकार पर पूर्व मुख्यमंत्री का अपमान बताते हुए नाम बदले जाने का आरोप लगाते हुए, प्रदेश भर में आंदोलन की चेतावनी दिया। वही नाम बदलने की खबरों को लेकर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित कई जनपदों में सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। हालांकि मंत्री रविंद्र जायसवाल ने वाराणसी स्टेडियम के नाम को बदले जाने के आरोप का खंडन करते रहे।

वही नगर निगम के महापौर ने भी किसी भी सरकारी दस्तावेज में डॉक्टर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम का नाम न होने का हवाला दिया। जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव, एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने इसे झूठा करार देते हुए विभूतियों के नाम से बने स्थानों का नाम बदल विभूतियों का अपमान बताया। वही गुरुवार को निरीक्षण पर पहुंचे मंत्री रविंद्र जायसवाल को भी स्टेडियम के गेट पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर संपूर्णानंद का नाम ना लिखा जाना नागवार आया और उन्होंने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्टेडियम के सभी गेट पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर संपूर्णानंद का नाम लिखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के अधिकारियों की लापरवाही से कंफ्यूजन हुआ। वही स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने मंत्री रविंद्र जायसवाल को जल्द ही बोर्ड बदलकर नाम सही करवाने के लिए आश्वस्त किया।

Related Articles

Back to top button