विदेश मंत्रालय का सख्त संदेश- PoK खाली करे पाकिस्तान, तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं

विदेश मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान को सख्त संदेश देते हुए कहा कि वह POK खाली करे। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और किसी तीसरे पक्ष का दखल मंजूर नहीं। सिंधु जल संधि सस्पेंड है, गोली का जवाब गोली से मिलेगा। भारत न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग भी बर्दाश्त नहीं करेगा।

दिल्ली: भारत सरकार ने एक बार फिर पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है। विदेश मंत्रालय (MEA) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया कि पाकिस्तान को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) खाली करना होगा। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और इस पर भारत की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच सभी विवादों का समाधान केवल द्विपक्षीय तरीके से ही संभव है। तीसरे पक्ष का कोई भी हस्तक्षेप भारत को स्वीकार नहीं होगा। MEA ने साफ किया कि कश्मीर मसले पर किसी भी बाहरी देश या संगठन की मध्यस्थता भारत को मंजूर नहीं है।

सीजफायर और सिंधु जल संधि को लेकर भी भारत ने सख्त रुख अपनाया है। मंत्रालय ने बताया कि सिंधु जल संधि को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है और पाकिस्तान को पानी नहीं दिया जाएगा। वहीं सीजफायर वार्ता के दौरान व्यापार जैसे विषयों पर कोई चर्चा नहीं की गई। भारत ने चेताया कि पाकिस्तान की गोली का जवाब अब गोली से ही दिया जाएगा।

MEA ने पाकिस्तान की परमाणु धमकियों को “न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग” बताया और कहा कि भारत इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगा। मंत्रालय ने यह भी कहा कि आतंकवाद और व्यापार साथ नहीं चल सकते। पाकिस्तान को जल्द ही यह बात समझनी होगी कि झूठे जश्न और प्रोपेगेंडा की बजाय शांति और स्थिरता में ही उसकी भलाई है।

Related Articles

Back to top button