Air India का प्लेन क्रैश… अमित शाह ने गुजरात के CM व पुलिस कमिश्नर से फोन पर की बात

Air India की फ्लाइट AI-171 जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, वह 12 जून 2025 को दोपहर करीब 1:20 बजे मेघानी नगर क्षेत्र में क्रैश हो गई। विमान में 242 लोग सवार थे। राहत-बचाव कार्य जारी है और DGCA ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Ahmedabad Plane Crash: आज देपहर उस वक़्त हड़कंप मच गया जब अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 एक भीषण हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा शहर के मेघानी नगर इलाके में हुआ, जहां विमान ने अचानक नियंत्रण खो दिया और मानसिक अस्पताल परिसर के पास एक खुले इलाके में क्रैश हो गया।

फ्लाइट दोपहर करीब 1:20 बजे टेक-ऑफ के कुछ ही मिनट बाद हादसे का शिकार हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आसमान में अचानक एक तेज़ धमाका हुआ, जिसके बाद धुएं का घना गुबार फैल गया। इलाके में दहशत का माहौल बन गया। कुछ ही देर में पुलिस, दमकल और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

विमान में कुल 242 यात्री सवार थे। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री और अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात की और हालात की जानकारी ली। केंद्र सरकार ने हादसे में हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर, एयर इंडिया ने फिलहाल इस पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है।

हादसे के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। DGCA (नागरिक विमानन महानिदेशालय) ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के पीछे तकनीकी खराबी एक संभावित कारण हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि ब्लैक बॉक्स और फ्लाइट रिकॉर्डर मिलने के बाद ही हो सकेगी।

क्रैश हुआ विमान एक Boeing 787 Dreamliner था, जिसे आधुनिक तकनीक और लंबी दूरी की उड़ानों के लिए जाना जाता है। AI-171 अहमदाबाद से लंदन हीथ्रो के लिए रवाना हो रही थी। हादसे से कुछ ही मिनट पहले तक विमान सामान्य ऊंचाई पर था, लेकिन फिर अचानक नीचे आकर क्रैश हो गया।

Related Articles

Back to top button