मई में देश में हवाई यात्रियों की संख्या बढ़कर पहुंची 140.56 लाख, इंडिगो का 64% बाजार पर कब्जा

देश में घरेलू हवाई यात्रा का चलन लगातार बढ़ रहा है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, मई 2025 में भारत में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 1.89% की वृद्धि के साथ 140.56 लाख तक पहुंच गई। पिछले साल मई में यह आंकड़ा 137.96 लाख था।

एयरलाइंस के प्रदर्शन की बात करें तो इंडिगो ने इस महीने भी अपना दबदबा बनाए रखा। कंपनी ने कुल 93.09 लाख यात्रियों को सफर करवाया और 64% बाजार हिस्सेदारी पर कब्जा जमाया। इसके बाद एयर इंडिया ग्रुप रहा, जिसने 37.22 लाख यात्रियों को उड़ान सेवा दी और 26.5% की हिस्सेदारी हासिल की।

अन्य प्रमुख एयरलाइनों में अकासा एयर ने 7.48 लाख यात्रियों को सेवा दी और उसकी बाजार हिस्सेदारी 5.3% रही। वहीं स्पाइसजेट ने 3.40 लाख यात्रियों को उड़ाया और 2.4% हिस्सेदारी के साथ चौथे स्थान पर रही।

समय की पाबंदी यानी ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) के मामले में भी इंडिगो अव्वल रही। मई माह में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता जैसे 6 प्रमुख एयरपोर्ट्स पर इंडिगो की OTP 84% रही। एयर इंडिया ने 79.7% OTP के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि देश में हवाई यात्रा का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है और इंडिगो ने यात्रियों की पहली पसंद बने रहने में सफलता पाई है। DGCA के ये आँकड़े न सिर्फ उड्डयन उद्योग की मजबूती को दर्शाते हैं, बल्कि यात्रियों के बदलते ट्रैवल पैटर्न की भी पुष्टि करते हैं।

Related Articles

Back to top button