योगी सरकार की नीतियों से अपराध दर में भारी कमी, पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार की सराहना…

उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी, प्रशांत कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार की नीतियों की सराहना की है। उनका कहना है कि योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, मिशन शक्ति और ऑपरेशन कनविक्शन जैसे अभियान न केवल अपराधों की दर में कमी लाने में सफल रहे हैं, बल्कि राज्य में आर्थिक विकास और सकारात्मक माहौल भी निर्मित किया है।

एनसीआरबी (राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) के 2023 के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में अपराधों के नियंत्रण में योगी सरकार की नीतियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इन आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अपराध दर में उल्लेखनीय गिरावट आई है। प्रशांत कुमार ने कहा कि यूपी की लगभग 25 करोड़ आबादी और 12 करोड़ महिलाओं के बावजूद, राज्य का अपराध दर प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है। भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत अपराधों में यूपी को 20वां स्थान, हत्या के मामलों में 29वां, अपराध की कोशिश में 30वां और रेप के मामलों में 22वां स्थान मिला है। इसी तरह, पॉक्सो एक्ट के तहत अपराधों में यूपी को 20वां स्थान मिला, जो राज्य की सफलता को दर्शाता है।

पूर्व डीजीपी ने कहा कि यह सफलता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और यूपी पुलिस के चौतरफा विकास की नीति का परिणाम है। उन्होंने बताया कि यूपी पुलिस में 2.20 लाख नई भर्तियां और 1.53 लाख प्रोन्नतियां की गईं, जिससे पुलिस बल में युवा और अधिक सक्षम अधिकारी शामिल हुए। पुलिस बजट में ढाई गुना वृद्धि और प्रशिक्षण केंद्रों की संख्या में इजाफा भी पुलिस की कार्यक्षमता को बढ़ाने में सहायक रहा। विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों की संख्या में तीन गुना वृद्धि ने महिला अपराधों की जांच और नियंत्रण में मदद की है।

प्रशांत कुमार ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना करते हुए बताया कि यह अभियान महिला सशक्तीकरण और अपराध नियंत्रण में बेहद प्रभावी रहा है। मिशन शक्ति अभियान में करीब 20 सरकारी विभागों का समन्वय किया गया है, जो महिला अपराधों की रोकथाम और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रहा है। इसके साथ ही, ऑपरेशन कनविक्शन के तहत 1.50 लाख अपराधियों को सजा दिलाई गई, जिससे अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न हुआ और समाज में न्याय के प्रति विश्वास मजबूत हुआ।

पूर्व डीजीपी ने कहा कि योगी सरकार की नीतियों ने प्रदेश में सिर्फ अपराधों पर अंकुश नहीं लगाया, बल्कि एक सकारात्मक और विकासोन्मुखी वातावरण भी तैयार किया। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति और मिशन शक्ति जैसे अभियान उत्तर प्रदेश को सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। एनसीआरबी के आंकड़े इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं कि उत्तर प्रदेश अब अपराध नियंत्रण और विकास के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।

Related Articles

Back to top button