
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सभी राजनीतिक दलों ने अपने प्रचार की गति तेज़ कर दी है। इसी बीच गृह मंत्री अमित शाह ने मुंगेर में एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा के दौरान अमित शाह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
अमित शाह ने कहा, मोदी जी को गरीबों और युवाओं की चिंता है, जबकि विपक्षी नेता लालू यादव और सोनिया गांधी सिर्फ अपने अपने बेटों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाने की चिंता कर रहे हैं। वे बिहार के युवाओं का भला नहीं कर सकते।
लालू यादव पर निशाना
अमित शाह ने लालू यादव के शासन को लेकर कहा कि उनके समय में बिहार में हत्या, फिरौती, अपहरण और नरसंहार की घटनाएं आम थीं। उनके शासन के दौरान बिहार का विकास रुक गया था और राज्य पिछड़ा बन गया था। वहीं, नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने जंगलराज को खत्म किया और बिहार को नक्सलवाद से मुक्त किया।
विकास और सुरक्षा की लड़ाई
अमित शाह ने कहा, ये चुनाव किसी को विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं है। ये चुनाव तय करेगा कि बिहार में फिर से जंगलराज होगा या विकास का राज। लालू-राबड़ी की सरकार में सिर्फ जंगलराज होगा, जबकि एनडीए की सरकार में बिहार का विकास होगा और पूरे भारत में उसकी पहचान बनेगी।
छठ महापर्व पर शुभकामनाएं
अमित शाह ने छठ महापर्व के दौरान बिहारवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, मैं छठी मैया से प्रार्थना करता हूँ कि बिहार जंगलराज से मुक्त रहे, कानून-व्यवस्था मजबूत हो, और बिहार भविष्य में एक विकसित राज्य बने।









