
बिहार की हाई-प्रोफाइल मोकामा सीट पर जदयू उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह ने एक बड़ी और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने RJD प्रत्याशी वीना देवी को बड़े अंतर से हराया, जो इस चुनाव में एक बेहद दिलचस्प मुकाबला था। अनंत सिंह शुरू से ही बढ़त बनाए हुए थे और अंत तक यह बढ़त लगातार मजबूत होती रही।
बाहुबली अनंत सिंह ने चुनावी मैदान में उतरते समय ही खुद यह घोषणा की थी कि वह मोकामा से जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे, और उन्होंने अपने वादे को सच कर दिखाया। उनकी जीत की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि वह दुलार चंद यादव हत्याकांड के आरोप में जेल में बंद थे, बावजूद इसके उन्होंने विपक्षियों को धूल चटाई और चुनावी मैदान में सबसे पहले जीत दर्ज की।
मोकामा सीट पर अनंत सिंह का मुकाबला RJD के प्रत्याशी वीना देवी और जन सुराज पार्टी के पियूष प्रियदर्शी से था, लेकिन जेल में रहते हुए भी अनंत सिंह ने दोनों को भारी मतों से हराया। इस जीत को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एक बड़ी राजनीतिक घटना माना जा रहा है।
चुनाव से पहले अनंत सिंह की गिरफ्तारी और जेल में बंद रहने की वजह से कई राजनीतिक चर्चाएं उठी थीं कि यह बाहुबली चुनाव में हार सकते हैं, लेकिन उन्होंने सबको गलत साबित करते हुए बंपर जीत हासिल की। उनकी जीत को न केवल मोकामा, बल्कि पूरे बिहार में एक बड़ी राजनीतिक घटना के रूप में देखा जा रहा है।









