कौन हैं संजय यादव जिनसे इतनी खफा हैं रोहिणी आचार्य ? लालू परिवार के भी हैं काफी नज़दीक

रोहिणी आचार्य ने परिवार से नाता तोड़ने और राजनीति छोड़ने का एलान किया। संजय यादव से जुड़ी उनकी नाराजगी को लेकर सियासी हलकों में हलचल है।

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के भीतर एक नया विवाद गहराता दिख रहा है, जिसमें पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने परिवार से नाता तोड़ने और राजनीति छोड़ने का ऐलान किया है। यह विवाद तब सामने आया जब रोहिणी आचार्य ने संजय यादव और तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उनके कारण उन्हें परिवार से बाहर किया गया है।

रोहिणी आचार्य ने मीडिया के सामने कहा, “मेरा कोई परिवार नहीं है। अब ये जाकर आप संजय, रमीज़, तेजस्वी यादव से पूछिए। उन्हीं लोगों ने मुझे परिवार से निकाला है क्योंकि उन्हें ज़िम्मेदारी लेनी नहीं है। पूरा देश, पूरी दुनिया सवाल कर रही है कि पार्टी का ऐसा हाल क्यों हुआ।” उन्होंने इस बयान में यह भी कहा कि उन्हें अनाथ बना दिया गया और उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई गई। यह विवाद आरजेडी के लिए एक नई चुनौती खड़ी कर सकता है,

कौन हैं संजय यादव ?

संजय यादव को तेजस्वी यादव के करीबी सहयोगी के रूप में देखा जाता है। संजय यादव को चाणक्य के तौर पर जाना जाता है, जो तेजस्वी यादव और आरजेडी के लिए रणनीति बनाते हैं। यह भी माना जाता है कि संजय यादव ने आरजेडी को लालू यादव की पहचान से बाहर निकाल कर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में एक नया दिशा देने की कोशिश की है।
रोहिणी आचार्य ने आरजेडी के टिकट पर सारण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से पार्टी के भीतर उनके और संजय यादव के बीच खटास बढ़ी। वहीं दूसरी ओर आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह पारिवारिक मामला है, और परिवार के लोग ही जवाब देंगे। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को इस पूरे मामले पर विचार करना होगा।” रोहिणी आचार्य की नाराजगी और संजय यादव से तकरार के बाद अब यह देखना होगा कि यह सियासी विवाद आरजेडी के लिए कैसे नतीजे लाएगा।

Related Articles

Back to top button