
लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी ने भाजपा जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट रूप से आगाह किया है कि वे किसी भी तरह की नकारात्मक राजनीति का शिकार न बनें और पार्टी के सिद्धांतों और आदर्शों से विचलित न हों। उन्होंने मीडिया में प्रसारित एक कथित समाचार का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ भाजपा जनप्रतिनिधियों द्वारा विधानसभा सत्र के दौरान विशेष भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें समाज विशेष को लेकर चर्चा की गई।
'आगे इस तरीक़े की बैठक पर होगी कार्रवाई,ये BJP की संवैधानिक परंपराओं के अनुकूल नहीं,भाजपा जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट रूप से आगाह किया,किसी नकारात्मक राजनीति का शिकार न बनें,BJP सिद्धांतों,आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल'
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) December 25, 2025
ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर पंकज चौधरी की नसीहत ।#Lucknow… pic.twitter.com/6SSJ1Qcwhz
पंकज चौधरी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ भाजपा के संविधान और आदर्शों के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने पार्टी के जनप्रतिनिधियों से सतर्कता बरतने को कहा और स्पष्ट किया कि भविष्य में अगर इस तरह की गतिविधियाँ दोहराई गईं, तो उसे अनुशासनहीनता माना जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक सिद्धांत आधारित राजनीतिक दल है, जो समाज या वर्ग विशेष के आधार पर राजनीति नहीं करती। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि भाजपा ने समाज में गलत संदेश प्रचारित करने वाली गतिविधियों से हमेशा दूर रहने का आग्रह किया है।
पंकज चौधरी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने विकास और राष्ट्रवाद पर आधारित राजनीति को आगे बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश में विपक्षी पार्टियाँ, जैसे सपा, बसपा और कांग्रेस, जाति आधारित राजनीति करने में असमर्थ हो रही हैं और इसका परिणाम पार्टी के खिलाफ आक्रामक प्रचार के रूप में सामने आ रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा ने प्रदेश में सामाजिक न्याय, सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी राजनीति की स्थापना की है, जो जातिवाद की राजनीति करने वाली पार्टियों को पराजित कर चुकी है। भाजपा ने एक सशक्त नेतृत्व के साथ समाज के हर वर्ग तक विकास की पहुँच बनाई है।









