
वाराणसी। भगवान शिव की नगरी काशी में महाशिवरात्रि का महापर्व बेहद ही धूम धाम से मनाए जाने की तैयारी की जा रही है। शिवालयों से निकलने वाली बारात के साथ दर्शन पूजन की तैयारियां शुरू हो गई है। बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर इस बार अनवर2 त 45 घंटे तक ज्योतिर्लिंग का दर्शन भक्त करेंगे। मंदिर प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर होने वाली लाखों की भीड़ को लेकर गुरुवार को एडवाइजरी जारी किया है। इस एडवाइजरी में महाशिवरात्रि पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में होने वाली आरती के समय परिवर्तन किए जाने के साथ वीवीआईपी दर्शन और स्पर्श दर्शन पर रोक लगाए जाने के अलावा भारी भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को बताया गया है।

महाशिवरात्रि पर आरती का समय हुआ परिवर्तित, भक्तों को मिलेगा झांकी दर्शन
महाशिवरात्रि पर्व पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित होने वाली आरतियों की समय-सारिणी परिवर्तित किया गया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरतियाँ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न की जाएँगी।महाशिवरात्रि पर्व पर धाम में होने वाली आरतियों की समय-सारिणी को परिवर्तित किया गया है जिसमें 15 फ़रवरी की रात्रि बाबा की मंगला आरती प्रातः 02:15 बजे पूजा आरम्भ होगी जो प्रातः 03:15 बजे मंगला आरती संपन्न होगी। उसके बाद प्रातः 03:30 बजे मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिया जाएगा। मध्याह्न भोग आरती प्रातः 11:40 बजे पूजा आरम्भ होगी, जो मध्याह्न 12:20 बजे पूजा संपन्न होगी। चारों प्रहर की आरती के समय में भी परिवर्तित किया गया है जिसके तहत प्रथम प्रहर रात्रि 09:30 बजे शंखनाद होगा एवं पूजा की तैयारी आरम्भ होगी। रात्रि 10:00 बजे से आरती प्रारम्भ होकर रात्रि होगी जो 12:30 बजे समाप्त होगी। इस दौरान झाँकी दर्शन सतत् चलता रहेगा। द्वितीय प्रहर की आरती रात्रि 01:30 बजे से आरती प्रारम्भ होकर रात्रि 02:30 बजे समाप्त होगी। झाँकी दर्शन सतत् रूप से चलता रहेगा। वहीं तृतीय प्रहर प्रातः 03:30 बजे से आरती प्रारम्भ होकर प्रातः 04:30 बजे समाप्त होगी। इस प्रहर में भी झाँकी दर्शन सतत् जारी रहेगा। जबकि चतुर्थ प्रहर प्रातः 05:00 बजे से आरती प्रारम्भ होकर प्रातः 06:15 बजे समाप्त होगी। इस प्रकार बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन श्रद्धालु 15 फ़रवरी की रात्रि 2:00 बजे से अगले दिन 16 फरवरी की रात्रि 11:00 बजे तक करेंगे। ऐसे में महाशिवरात्रि पर 45 घंटे तक श्रद्धालु बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे।


महाशिवरात्रि पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालु करेंगे दर्शन…
वाराणसी में बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर दर्शन का विशेष महत्व होता है। काशी के साथ ही देश विदेश से करीब 10 लाख श्रद्धालु महाशिवरात्रि पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर सकते है। ऐसे में मंदिर प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था और अतिरिक्त स्टॉल लगाकर सुविधा देने की बात कही है।








