प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा में निवेश बढ़ाने के संकेत, पेट्रोनास और बरजाया ने जताया भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मलेशिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर मलेशिया की प्रमुख कंपनियों के नेताओं से उच्च-स्तरीय बैठक की।

मलेशिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मलेशिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर मलेशिया की प्रमुख कंपनियों के नेताओं से उच्च-स्तरीय बैठक की। इस दौरान भारत की आर्थिक वृद्धि पर बढ़ते भरोसे को प्रदर्शित किया गया, जिसमें ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के नेताओं ने भारत में अपने ऑपरेशंस को बढ़ाने का वादा किया।

पेट्रोनास के प्रेसिडेंट और ग्रुप CEO, तेंगकू मुहम्मद तौफिक ने इस बैठक को “शानदार” बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच की तारीफ की। तौफिक ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का दृष्टिकोण इस बात को लेकर स्पष्ट है कि वह भारत को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं। हमारी बैठक में यह चर्चा हुई कि भारत को कैसे बनाना है, खासकर इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी नवाचार पर ध्यान केंद्रित करते हुए।”

उन्होंने 2014 से भारत में हुए बड़े आर्थिक परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए इसे ‘हाई कन्विक्शन मार्केट’ बताया। दोनों देशों के ऊर्जा रिश्तों को मजबूत करते हुए तौफिक ने कहा कि मलेशिया की तेल और गैस कंपनी अगले पांच वर्षों में भारत में अपनी मौजूदगी को दोगुना करने पर विचार कर रही है, जो कि भारत की युवा आबादी के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने पर केंद्रित होगा।

बरजया कॉर्पोरेशन के फाउंडर और चेयरमैन, विंसेंट टैन ची यिउन ने प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता की तारीफ की। टैन ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को आर्थिक रूप से सशक्त किया है… और मैं उनसे बेहद प्रभावित हूं।” बरजया, जो वर्ल्ड-क्लास लग्ज़री रिसॉर्ट के लिए प्रसिद्ध है, ने बताया कि उनकी कंपनी नई दिल्ली और गोवा में अपने प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी ब्रांड को लाने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही, टैन ने भारत के सस्टेनेबिलिटी सेक्टर में, विशेष रूप से सैनिटरी लैंडफिल वेस्ट मैनेजमेंट में अपनी रुचि को भी व्यक्त किया।

फिसन इलेक्ट्रॉनिक्स के CEO, केएस पुआ ने प्रधानमंत्री मोदी के सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए “बड़े एम्बिशन” की सराहना की। पुआ ने कहा, “हमारी रणनीति केवल मैन्युफैक्चरिंग से कहीं आगे है। हमारा उद्देश्य अपनी टेक्नोलॉजी का भारत में ट्रांसफर करना और यहां के स्थानीय टैलेंट को सिलिकॉन, फर्मवेयर, सॉफ्टवेयर और AI सॉल्यूशंस डिजाइन करने के लिए प्रशिक्षित करना है।” उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले वर्षों में यह प्रयास भारत को एक टेक्नोलॉजी क्लस्टर बनाने में मदद करेगा, जिसका संचालन भारतीय कंपनियां करेंगी।

भारत सरकार की एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापार करने में आसानी और भरोसेमंद नीति माहौल बनाने के लिए किए गए सुधारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने रिन्यूएबल एनर्जी, सेमीकंडक्टर और हेल्थकेयर क्षेत्रों में और अधिक अवसरों को बढ़ावा देने की बात की, और उम्मीद जताई कि 10वें इंडिया-मलेशिया CEO फोरम से व्यापार और निवेश संबंधों का एक नया दौर शुरू होगा।

इस बैठक में मलेशिया के उद्योग जगत के नेताओं ने भारत के “विकसित भारत” के विजन पर भरोसा जताया और भारतीय कंपनियों के साथ जॉइंट वेंचर बढ़ाने में गहरी रुचि दिखाई।

Related Articles

Back to top button