
अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते पर बातचीत आगे बढ़ रही है। ईरान ने भी संकेत दिए हैं कि वह इस समझौते को लेकर तैयार है, लेकिन बशर्ते अमेरिका बैन हटाने पर बातचीत करने को तैयार हो। ईरानी उप-विदेश मंत्री माजिद तख्त-रवांची ने कहा कि उनका देश अमेरिका के साथ परमाणु समझौता करने के लिए विचार करने को तैयार है, यदि वॉशिंगटन बैन हटाने पर चर्चा करने को तैयार हो।
अमेरिका ने 2018 में अपने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान अमेरिका-ईरान परमाणु समझौता तोड़ दिया था और ईरान पर कई कड़े प्रतिबंध लगाए थे। अब, दोनों देशों के बीच जेनेवा में दूसरे दौर की बातचीत की संभावना है। यह बातचीत ओमान की मध्यस्थता में होगी और अमेरिकी प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर इसमें शामिल होंगे।
इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप पहले बातचीत चाहते हैं, लेकिन सभी विकल्प खुले हैं। हालांकि, इसी बीच एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिकी सेना और खुफिया एजेंसियों के भीतर इस बात पर चर्चा हो रही है कि अगर इजरायल ईरान पर हमला करता है तो अमेरिका किस तरह उसकी मदद कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक, चर्चा इस बात पर अधिक है कि अमेरिका सीधे हमला करेगा या नहीं, बल्कि यह कि वह इजरायल को कैसे सहयोग दे सकता है।









