
शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद से भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में तनाव देखा जा रहा है। इस बीच, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष और भावी प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने भारत के साथ संबंधों पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने विशेष रूप से खुफिया एजेंसियों की विदेश नीति में भूमिका पर सवाल उठाया और कहा कि यह निर्णय निर्वाचित नेताओं पर छोड़ देना चाहिए, उनका इशारा भारत की ओर था।
हुमायूं कबीर ने द वायर से एक इंटरव्यू में कहा कि खुफिया एजेंसियों का विदेश नीति निर्णयों में शामिल होना गलत प्रैक्टिस है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बांग्लादेश और भारत के संबंधों में काफी गिरावट आई है। कबीर ने कहा, “शेख हसीना के निरंकुश शासन के दौरान, भारत का संबंध केवल हसीना के साथ था, बांग्लादेश की जनता के साथ नहीं।”
उन्होंने यह भी कहा कि भारत को बांग्लादेश के साथ अपने संबंधों को फिर से स्थापित करने के लिए पहला कदम उठाना होगा। उनके अनुसार, बांग्लादेश में भारत के प्रति एक गहरी नफरत और आक्रोश पनप गया है। युवाओं और आम जनता ने शेख हसीना के शासन में भारत को एक ऐसी ताकत के रूप में देखा, जिसने बांग्लादेशी नागरिकों के अपराधों को छुपाया और उन्हें बचाया। इस वजह से भारत की छवि को भारी नुकसान हुआ है।
इसके साथ ही, कबीर ने बांग्लादेश में अवामी लीग के अस्तित्व को भी नकारा, और कहा कि अब वह पार्टी खत्म हो चुकी है। उन्होंने शेख हसीना को “आतंकवादी” करार दिया और आरोप लगाया कि उन्होंने हजारों लोगों की हत्या की और देश छोड़कर भारत में रह रही हैं। कबीर का कहना था, “शेख हसीना को आपराधिक और आतंकवादी गतिविधियां करने की छूट दी जा रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि शेख हसीना और उनकी पार्टी के अन्य सदस्य बांग्लादेश को अस्थिर करने का प्रयास कर सकते हैं, और उन्हें इस पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए।
हुमायूं कबीर ने कहा कि अगर भारत और बांग्लादेश दोनों नए सिरे से शुरुआत करने की मानसिकता से काम करें, तो सहयोगात्मक संबंधों की संभावना हो सकती है।









