
एक गरीब युवक को अगर करोड़ों का नोटिस मिल जाए, तो सोचिए इस व्यक्ति पर और उसके परिवार पर आखिर क्या बीत रही होगी….करोड़ों के नोटिस मिलते ही आदमी सदमें में आ जाएगा और ऐसा ही कुछ हुआ है…उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से.
जहां पर ये चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के एक युवक को जीएसटी विभाग ने करीब 2 करोड़ रुपये का टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा है. इस नोटिस से पीड़ित युवक ओम प्रकाश वर्मा बेहद हैरान और परेशान हैं. उनका कहना है कि “मैं गरीब आदमी हूं, छह-सात हजार रुपये की नौकरी करता हूं, मुझे बेवजह फंसाया जा रहा है….
मामला क्या है?
ओम प्रकाश वर्मा डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भरवाठिया मुस्तकहम गांव के निवासी हैं.10 फरवरी को उन्हें जीएसटी विभाग की ओर से 1,99,42,313 रुपये का टैक्स जमा करने का नोटिस प्राप्त हुआ. नोटिस प्राप्त होते ही ओम प्रकाश हैरान रह गए, क्योंकि उनकी आय महज छह-सात हजार रुपये मासिक है, और वह एक प्राइवेट टीचर हैं…
ओम प्रकाश ने इस मामले में पहले डुमरियागंज थाने में आवेदन दिया और फिर मुख्यालय स्थित सेल टैक्स डिपार्टमेंट से जानकारी ली, जहां यह सामने आया कि उनके पैनकार्ड का किसी ने दुरुपयोग कर नई दिल्ली और फर्रुखाबाद में दो अलग-अलग फर्में बनाई हैं.
पैनकार्ड का मिसयूज
रिपोर्ट के अनुसार, ओम प्रकाश के पैनकार्ड का मिसयूज कर “ओम ट्रेडर्स” नाम से एक फर्म नई दिल्ली में और “वर्मा इंटरप्राइजेज” नाम से एक फर्म फर्रुखाबाद में रजिस्टर्ड की गई थी. इन फर्मों से लेनदेन किया गया, जिसमें नई दिल्ली स्थित ओम ट्रेडर्स ने पिछले वर्ष 11,07,90,628 रुपये का लेनदेन किया, जिसका टैक्स 1,99,42,313 रुपये आया.यही नोटिस पीड़ित को भेजा गया है.
पीड़ित का बयान
ओम प्रकाश वर्मा ने बताया, “मैं भरवठिया मुस्तकहम सिद्धार्थनगर का रहने वाला हूं. मैंने पैन कार्ड बनवाया था, लेकिन किसी ने उसका दुरुपयोग कर दो फर्म बनाई हैं. एक दिल्ली में ओम ट्रेडर्स के नाम से और दूसरी फर्रुखाबाद में वर्मा इंटरप्राइजेज के नाम से. मुझे 10 फरवरी को नोटिस मिला, जिसमें 2 करोड़ रुपये का टैक्स जमा करने के लिए कहा गया था. मुझे डर लग रहा है, क्योंकि मैं एक गरीब आदमी हूं.मैं इस मामले की जांच कराने के लिए इधर-उधर भागदौड़ कर रहा हूं और डुमरियागंज थाने में भी एप्लिकेशन दिया है.









