
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 से 24 फरवरी 2026 तक सिंगापुर के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश और सिंगापुर के बीच आर्थिक सहयोग, निवेश साझेदारी और तकनीकी सहयोग को नई गति देना है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बता दें, इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन, मैनपावर एवं ऊर्जा-प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. टैन सी लेंग तथा राष्ट्रपति थरमन शनमुगरत्नम से उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग पर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे का उद्देश्य राज्य के विकास के लिए सिंगापुर के अनुभवों का लाभ उठाना और दोनों देशों के बीच साझेदारी को बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर के प्रमुख वैश्विक निवेश संस्थानों जैसे टेमासेक और GIC से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, वे डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, एविएशन, फाइनेंशियल सर्विसेज और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के बड़े उद्योगपतियों से भी बातचीत करेंगे। यह मुलाकातें उत्तर प्रदेश के विकास के लिए नए निवेश अवसर उत्पन्न करने में सहायक साबित हो सकती हैं।
इस दौरे के दौरान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लिए विदेशी निवेश को आकर्षित करने और सिंगापुर के साथ साझेदारी के माध्यम से प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र को और अधिक मजबूत करने की योजना बनाई है।









