
मध्य पूर्व में अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण संयुक्त अरब अमीरात में हजारों यात्री फ्लाइट रद्द होने से फंसे हुए हैं। इसी बीच अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वह इस समय अबू धाबी में हैं और सुरक्षित हैं।
ईशा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “जो लोग मैसेज कर रहे हैं, जवाब न दे पाने के लिए माफ़ी चाहती हूं। हम ठीक हैं, सुरक्षित हैं। समय डरावना और चुनौतीपूर्ण है। भगवान हमारी रक्षा कर रहे हैं। हमें भरोसा है कि संबंधित अधिकारी हमारी सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।” उन्होंने सभी प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि वह जल्द ही भारत लौटने की उम्मीद करती हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई थी। इज़राइली रक्षा बल (IDF) ने इन हमलों को “ऑपरेशन रोअरिंग लायन” नाम दिया है। इज़राइल के अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अमेरिका के साथ कई महीनों की संयुक्त योजना का हिस्सा थी।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, खामेनेई की मौत के बाद ईरान में 40 दिनों के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है। वहीं दूसरी रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया है, जिससे क्षेत्रीय संघर्ष और व्यापक होने की आशंका बढ़ गई है।
इस बढ़ते तनाव के चलते भारत ने भी कूटनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ाई है और क्षेत्र में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर संपर्क बनाए हुए है।
मध्य पूर्व में जारी हालात के बीच एयर ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे दुबई, अबू धाबी और अन्य शहरों में बड़ी संख्या में यात्री फंसे हुए हैं









