
Peon’s daughter becomes IAS: Shikha Singh of Bulandshahr creates history by securing 113th rank in UPSC. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। बुलंदशहर के मोहल्ला अंबेडकर नगर भूड की रहने वाली शिखा सिंह ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 113वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा कर लिया है। बेहद साधारण परिवार से आने वाली शिखा की इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
शिखा के पिता प्रेम चंद्र एक इंटर कॉलेज में चपरासी के पद पर तैनात हैं। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत साधारण रही है। इतना ही नहीं, शिखा के दादा भी फोर्थ क्लास कर्मचारी रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद शिखा ने अपनी मेहनत और लगन से यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की।
खास बात यह है कि शिखा सिंह ने यह सफलता अपने दूसरे प्रयास में हासिल की। परिवार की परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान रखा और लगातार तैयारी करती रहीं। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और वह आईएएस अधिकारी बनने में सफल रहीं।
शिखा की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। उनके माता-पिता बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। शिखा की माता, जो खुद अशिक्षित हैं, ने कहा कि बेटा और बेटी में कोई फर्क नहीं होता। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी बेटियों पर गर्व करें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें।
शिखा के पिता प्रेम चंद्र 10वीं पास हैं, जबकि उनकी मां अशिक्षित हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाने और आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। आज शिखा की सफलता पूरे समाज के लिए एक मिसाल बन गई है कि अगर हौसला और मेहनत हो तो किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।









