
आईसीसी मेन्स T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार, 8 मार्च को भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीत दर्ज की, और समापन समारोह ने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। इस कार्यक्रम में ग्लोबल पॉप आइकन रिकी मार्टिन, भारतीय संगीत सितारे फाल्गुनी पाठक और सुखबीर सिंह की शानदार प्रस्तुति ने समा बांध दिया।
लेकिन समारोह का सबसे दिलचस्प पल तब आया जब रिकी मार्टिन ने पंजाबी हिट ट्रैक ‘ओ हो हो हो’ पर पूरी ऊर्जा के साथ डांस किया। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने रविवार शाम को इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को शेयर किया, जिसमें रिकी मार्टिन स्टेडियम के भीतर मस्ती करते हुए सुखबीर के पॉपुलर गीत पर थिरकते हुए नजर आ रहे हैं। सफेद टी-शर्ट पहने रिकी मार्टिन कूदते और म्यूजिक की धुन पर झूमते हुए दिख रहे हैं, जबकि आसपास खड़े दर्शक भी उनके साथ डांस करते नजर आए।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैन्स ने इस अनोखे मेलजोल पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी। सुखबीर ने खुद इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “ale ale ale meets oho ho ho!” एक फैन ने इसे “such a vibe” कहा, जबकि दूसरे ने इसे “a global banger” बताया।
समारोह में सुखबीर ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति के साथ ‘ओ हो हो हो’ गाना गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद रिकी मार्टिन ने अपनी कई हिट सिंगल्स का प्रदर्शन किया।
क्रिकेट मैदान पर, यह रात पूरी तरह से भारत की थी। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर, जिन्होंने अर्धशतक बनाये, भारत ने 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड जवाब में संघर्ष करता रहा और 159 रन पर आउट हो गया।









