
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण की अपकमिंग फिल्म ‘Peddi’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर अब एक नई और दिलचस्प खबर सामने आई है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दिया है। जानकारी के मुताबिक, इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर की एंट्री हो सकती है।
बताया जा रहा है कि ‘Peddi’ में मृणाल ठाकुर एक खास कैमियो रोल में नजर आएंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका किरदार छोटा जरूर होगा लेकिन काफी प्रभावशाली माना जा रहा है। खास बात यह है कि मृणाल इस फिल्म में एक स्पेशल डांस नंबर में भी दिखाई दे सकती हैं, जिसमें वह राम चरण और जाह्नवी कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।
हालांकि, अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अगर यह सच साबित होता है तो यह पहली बार होगा जब मृणाल ठाकुर, राम चरण और जाह्नवी कपूर एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे। इस खबर के सामने आने के बाद फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
‘Peddi’ का निर्देशन साउथ इंडस्ट्री के चर्चित निर्देशक बुची बाबू सना कर रहे हैं। यह फिल्म एक स्पोर्ट्स ड्रामा के साथ-साथ क्राइम थ्रिलर भी बताई जा रही है। फिल्म की कहानी में क्रिकेट का अहम रोल होगा और राम चरण इसमें एक अलग अंदाज में नजर आएंगे।
राम चरण की इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं, क्योंकि वह पहले भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स में अपनी दमदार एक्टिंग का लोहा मनवा चुके हैं। वहीं जाह्नवी कपूर भी इस फिल्म के जरिए साउथ इंडस्ट्री में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं।
मृणाल ठाकुर की बात करें तो वह भी लगातार अलग-अलग प्रोजेक्ट्स में नजर आ रही हैं। उनकी अपकमिंग फिल्मों में ‘डकैत: एक प्रेम कथा’ और ‘है जवानी तो इश्क होना है’ शामिल हैं, जिनको लेकर भी दर्शकों के बीच अच्छी खासी चर्चा है।
‘Peddi’ की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है। यह फिल्म 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में स्पोर्ट्स, ड्रामा और एक्शन का शानदार मिश्रण देखने को मिल सकता है, जिससे यह दर्शकों के लिए एक बड़ा सिनेमाई अनुभव साबित हो सकती है।









