
थलापति विजय की मोस्ट अवेटेड फ़िल्म ‘जना नायगन’ के फैंस के लिए अब बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय तक रिलीज़ में देरी के बाद अब रिपोर्ट्स के मुताबिक फ़िल्म अप्रैल के आखिरी हफ़्ते में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। पहले यह फ़िल्म 9 जनवरी को पोंगल के दौरान रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन सेंसर प्रक्रिया और कानूनी अड़चनों की वजह से इसे टालना पड़ा।
फ़िल्मीबीट की रिपोर्ट के अनुसार सेंसरशिप से जुड़ी समस्याएं अब हल हो चुकी हैं और मेकर्स 24 अप्रैल या 30 अप्रैल को रिलीज़ की संभावित तारीखों पर विचार कर रहे हैं। विजय के फैंस इस अपडेट से काफी उत्साहित हैं और बड़े पर्दे पर अपने सुपरस्टार की फ़िल्म देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

एच. विनोद द्वारा निर्देशित इस फ़िल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और मामिता बैजू जैसे दमदार कलाकार हैं। फ़िल्म का म्यूज़िक अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है।
शुरुआती सेंसर प्रक्रिया के दौरान फ़िल्म में कुछ पॉलिटिकल सीन और डायलॉग्स के कारण ऑब्जेक्शन आए थे। इसे दोबारा रिव्यू के लिए भेजा गया और मुंबई में री-सेंसरशिप कमिटी ने फ़िल्म देखी, जिससे कुछ बदलावों के सुझाव दिए गए। इसके अलावा, आने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव और आचार संहिता की वजह से भी रिलीज़ में देरी हुई।
यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो ‘जना नायगन’ आखिरकार 24 अप्रैल या 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में दिखाई दे सकती है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक ऑफ़िशियल रिलीज़ डेट की घोषणा नहीं हुई है।









