
वाराणसी। धर्म की नगरी काशी में इन दिनों आस्था को ठेस पहुंचाने वाली खबरें सामने आ रही है। रमजान के महीने में जहां गंगा की लहरों पर नाव में सवार होकर मुस्लिम युवकों के द्वारा बिरयानी पार्टी किए जाने के मामले में पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, तो वही अब नाविकों के द्वारा गंगा में बियर लेकर डांस करने का वीडियो वायरल होने का मामला तूल पकड़ने लगा है। काशी की गलियों से लेकर राजनैतिक गलियारों में गंगा में बिरयानी पार्टी के बाद बियर पार्टी का मामला चर्चा में है। ऐसे में पुलिस भी गंगा में बिरयानी पार्टी करने वालो के खिलाफ जिस प्रकार एक्शन में आया वैसे ही अब बियर पार्टी को लेकर है। पुलिस ने गंगा में बियर पार्टी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य आरोपियों की तलाश के साथ अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
नाव पर सवार होकर पी बियर, वीडियो हुआ वायरल, नाविकों ने की शिकायत…
वाराणसी के माता शीतला का बधाई लेकर जाने वाले नाविकों के नाव पर बियर पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा है। AIMIM के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने एक्स सोशल मीडिया पर बिरयानी पार्टी के आरोप में 14 मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए बियर पीने वाले आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर वाराणसी के नाविकों ने भी पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई किए जाने की मांग की।

वही इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने आनन फानन में पुलिस ने इस मामले में वीडियो के आधार पर युवक को चिन्हित किया और अर्जुन राजभर नामक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी डेकोरेशन का काम करता है। शीतला माता मंदिर जाते समय कुछ लोगों के द्वारा बियर पिया जा रहा था, जिसमें यह आरोपी भी शामिल था। गिरफ्तार होने के बाद आरोपी ने अपनी गलती मानी और पुलिस से माफी मांगते नजर आया।
गंगा में क्या था बिरयानी पार्टी का मामला, 14 मुस्लिम युवक हुए थे गिरफ्तार, अब भी जेल में आरोपी…
वाराणसी में रमजान के महीने में रोजा इफ्तार के नाम पर बिरयानी पार्टी का मामला सोशल मीडिया के जरिए प्रकाश में आया। कुछ मुस्लिम युवकों द्वारा गंगा में बिरयानी पार्टी का रील बनाकर शेयर किया गया। धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने मदनपुरा क्षेत्र के रहने वाले 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वही नाविक ने भी आरोपियों के खिलाफ शिकायत कर खुद का अपहरण कर जबरदस्ती बिरयानी पार्टी किए जाने की शिकायत की। वही इस मामले गिरफ्तार हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां आरोपियों ने जमानत याचिका दाखिल किया। धार्मिक आस्था का मामला और इस पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय में आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी गई।
रिपोर्ट : नीरज कुमार जायसवाल









