सिर्फ 7% लोग ही खुद को फिट रखने की कोशिश कर रहे हैं, रिपोर्ट में चौंकाने वाला दावा

बाकी 75% से अधिक लोग या तो इस दिशा में कोई प्रयास नहीं कर रहे या उनके आसपास कोई नहीं है जो फिटनेस को गंभीरता से ले रहा हो।

विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर जारी एक सर्वे ने भारतीयों की सेहत को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए हैं। लोकल सर्किल्स द्वारा किए गए इस सर्वे के अनुसार, देश में केवल 7.3% लोग ही अपनी फिटनेस, खानपान, कसरत और सही दिनचर्या पर ध्यान दे रहे हैं। यानी हर 100 में से सिर्फ 7-8 लोग ही खुद को फिट रखने की कोशिश कर रहे हैं।

सर्वे में यह भी सामने आया कि 17% लोगों ने माना कि उनके आसपास कम से कम एक व्यक्ति ऐसा है जो उम्र के असर को कम करने और सेहत सुधारने पर ध्यान दे रहा है। बाकी 75% से अधिक लोग या तो इस दिशा में कोई प्रयास नहीं कर रहे या उनके आसपास कोई नहीं है जो फिटनेस को गंभीरता से ले रहा हो।

यह सर्वे देशभर के 311 जिलों के 28,000 से अधिक लोगों पर किया गया। इसमें 61% पुरुष और 39% महिलाएं शामिल थीं। विशेषज्ञों के अनुसार, बढ़ती गलत खानपान की आदतें, बिगड़ती लाइफस्टाइल और कसरत की कमी के कारण लोग तेजी से मोटापा, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर यह सर्वे एक चेतावनी है कि अगर समय रहते लोगों ने अपनी सेहत पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में यह गंभीर संकट बन सकता है।

Related Articles

Back to top button