Chitrakoot News: गैंगरेप के बाद पीड़िता ने दे दी जान, पुलिस करती रह गई खानापूर्ती नहीं हुई कोई कोर्रवाई

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय दलित छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय दलित छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की कथित लापरवाही और आरोपियों पर कार्रवाई न होने से आहत होकर छात्रा ने यह कदम उठाया।

परिजनों के अनुसार, 4 मार्च को होली के दिन छात्रा पानी भरने गई थी, जहां गांव के तीन युवकों पर उसे खेत में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया। परिवार का कहना है कि घटना के बाद वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन कार्रवाई को लेकर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में केस दर्ज करने की बात कही और आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। परिवार का दावा है कि इसके बाद आरोपी गांव में खुलेआम घूमते रहे, जिससे छात्रा मानसिक रूप से आहत रहने लगी।

बुधवार को छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब उसे देखा तो तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।

वहीं, पुलिस परिजनों के आरोपों की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पहले दी गई तहरीर में अलग प्रकार की शिकायत दर्ज थी, जबकि बाद में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button