पश्चिम बंगाल चुनाव में दूसरे चरण में 7 जिलों की 142 सीटों पर मतदान जारी, कड़े सुरक्षा इंतजाम

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार को मतदान जारी है। इस चरण में सात जिलों की 142 सीटों पर सुबह सात बजे से वोटिंग हो रही है। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मतदान वाले सभी जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, निर्वाचन आयोग को उम्मीद है कि इस चरण में मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होगी तथा नया रिकॉर्ड बन सकता है।

इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ था, जिसमें 93.19 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। वह चरण मुख्य रूप से उत्तर बंगाल के जिलों में संपन्न हुआ था।

आज दक्षिण बंगाल के जिन सात जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया और पूर्व बर्धमान शामिल हैं। आयोग के अनुसार इन क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय बलों की 2,231 कंपनियों यानी दो लाख से अधिक जवानों के साथ लगभग 40 हजार राज्य पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कोलकाता में सबसे अधिक 273 कंपनियां सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं।

सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए इस चरण में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी को बढ़ाया गया है। अब मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर के साथ-साथ रास्तों पर भी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। पुलिस पर्यवेक्षकों की संख्या 84 से बढ़ाकर 95 कर दी गई है।

इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें राज्य सरकार के कई मंत्री, विपक्षी दलों के प्रमुख नेता और विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button