“बृजभूषण के इशारे पर हो रहा काम, मुझे मैट पर उतरने से रोकने की रची गई साजिश”, विनेश फोगाट का बड़ा बयान…

गोंडा पहुंचीं विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ और बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। विनेश ने कहा कि उन्हें बैन करने के लिए साजिश रची गई है।

गोंडा: महिला पहलवान विनेश फोगाट आज गोंडा के नंदिनी नगर पहुंचीं, जहां उनके बयानों ने कुश्ती जगत और राजनीति में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है। विनेश ने कुश्ती संघ और पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर खेल से दूर रखने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की साजिश रची जा रही है।

‘मुझे संन्यास दिलवाना चाहते हैं विरोधी’
मीडिया से बात करते हुए विनेश ने कहा, “मेरे विरोधी चाहते हैं कि मैं हार मानकर संन्यास लेकर घर बैठ जाऊं। इसीलिए मुझे जानबूझकर शो-कॉज नोटिस भेजा गया है।” उन्होंने नोटिस की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब उन्हें दिसंबर में ही जवाब मांगा जा सकता था, तो मेरे कंपटीशन में जाने के ठीक 2 दिन पहले ही नोटिस क्यों दिया गया?

14 दिन के समय पर अड़ीं विनेश
विनेश ने बताया कि उन्होंने नोटिस का स्पष्टीकरण देने के लिए 14 दिन का समय मांगा है। उन्होंने अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा, “14 दिन का समय पूरा होने से पहले आप मुझे कैसे बैन कर सकते हैं? कम से कम इस पीरियड में तो मुझे न रोकें, उसके बाद आपको जो एक्शन लेना हो, लीजिए।” उन्होंने इसे एक प्री-प्लान्ड साजिश करार दिया।

बृजभूषण पर साधा निशाना
विनेश फोगाट ने सीधा आरोप लगाया कि कुश्ती संघ में आज भी सब कुछ बृजभूषण शरण सिंह के इशारे पर हो रहा है। उन्होंने कहा, “कोर्ट बंद रहने का समय उन्हें पहले से पता था, इसलिए जानबूझकर इस दौरान नोटिस दी गई ताकि मुझे कानूनी राहत न मिल सके।”

अव्यवस्थाओं पर भी उठाए सवाल
नंदिनी नगर में चल रही प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं पर तंज कसते हुए विनेश ने कहा कि यहां की व्यवस्था ऐसी है कि पसीना छूट रहा है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा, “24-24 घंटे मैच कौन करवाता है? यह खिलाड़ियों के साथ खिलवाड़ है।” विनेश ने साफ किया कि वह पूरी तरह क्लीन होकर आई हैं और किसी भी ट्रायल के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें मैट पर उतरने से रोकने की हर मुमकिन कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button