अनिल कपूर ने शादी की सालगिरह पर शेयर कीं अनमोल तस्वीरें, लिखा इमोशनल नोट

मुंबई: बॉलीवुड के एवरग्रीन सुपरस्टार अनिल कपूर और उनकी पत्नी सुनीता कपूर अपनी शादी की सालगिरह मना रहे हैं। इस खास मौके पर अनिल कपूर ने अपने 53 साल (11 साल का रिलेशनशिप और 42 साल की शादी) के इस खूबसूरत सफर को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर कुछ बेहद दुर्लभ और अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में उनकी शादी की एक अनमोल झलक के साथ-साथ उनके जीवन के कई प्यारे पल कैद हैं।

30 मिनट में हुई थी बेहद सिंपल शादी
अपनी प्रेम कहानी के शुरुआती दिनों को याद करते हुए अनिल कपूर ने लिखा, “शादी के 42 साल और साथ के 53 साल। हमारी शादी बेहद सिंपल थी, जो लगभग तीस मिनट में ही संपन्न हो गई थी। न कोई हनीमून था और न ही कोई धूमधाम। बस हमारे माता-पिता, कुछ करीबी लोग और हम दोनों थे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि वे तीस मिनट 53 साल के खूबसूरत सफर में बदल जाएंगे। सच ही कहा जाता है कि शादियां स्वर्ग में बनती हैं, हमारी शादी निश्चित रूप से ऐसी ही थी।”

“तुम्हारी वजह से ही मैं हर रिस्क ले सका”
अपनी आने वाली फिल्म ‘सूबेदार’ के स्टार अनिल कपूर ने अपनी पत्नी सुनीता को अपना सबसे अच्छा दोस्त और सच्चा पार्टनर बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, “तुम ही वजह हो जिसकी वजह से सब कुछ सही चलता है। तुम्हारी वजह से ही मैं अपने हर सपने का पीछा कर सका, हर रिस्क ले सका और सेट पर काम कर सका, क्योंकि मुझे पता था कि पीछे तुम सब कुछ ग्रेस और प्यार से संभाले हुए हो।”

अनिल कपूर की इस पोस्ट पर उनकी पत्नी सुनीता कपूर ने कमेंट करते हुए लिखा, “सबसे ज़्यादा प्यार करती हूं मेरे पति।” वहीं अनुपम खेर, भूमि पेडनेकर, ताहिरा कश्यप, चंकी पांडे और राहुल देव जैसे कई बॉलीवुड सेलेब्स ने कपल को बधाई दी है। आपको बता दें कि अनिल और सुनीता ने 19 मई, 1984 को शादी की थी और वे आज बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर, प्रोड्यूसर रिया कपूर और एक्टर हर्षवर्धन कपूर के माता-पिता हैं।

Related Articles

Back to top button