धुरंधर – पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड हमजा बुरहान का पीओके में खात्मा…

पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमजा बुरहान की पीओके के मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। वह वहां पहचान छिपाकर रह रहा था।

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों की रहस्यमयी हत्याओं का सिलसिला तेज हो गया है। इस बार निशाने पर रहा पुलवामा आतंकी हमले का कथित मास्टरमाइंड हमजा बुरहान। सूत्रों के मुताबिक, पीओके के मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमला बेहद पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया और हमलावर वारदात के तुरंत बाद फरार हो गए।

पुलवामा हमले से जुड़ा था नाम

हमजा बुरहान का नाम 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती आतंकी हमले से जुड़ता रहा है। उस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे और पूरे देश में भारी आक्रोश फैल गया था। हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक कर आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया था। भारतीय एजेंसियां लंबे समय से हमजा बुरहान को इस साजिश के अहम चेहरों में गिनती रही हैं।

मुजफ्फराबाद में बदल ली थी पहचान

सुरक्षा एजेंसियों और सूत्रों के अनुसार, भारत में कई आतंकी गतिविधियों से जुड़े रहने वाला हमजा बुरहान पाकिस्तान में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह मुजफ्फराबाद में खुद को एक स्कूल टीचर बताता था और आम नागरिक की तरह जिंदगी जीने का दिखावा करता था। इसी आड़ में वह अपने नेटवर्क और गतिविधियों को संचालित करता था। सूत्रों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर भी बहुत कम लोग उसकी असली पहचान जानते थे। लेकिन गुरुवार को अज्ञात हमलावरों ने उसके ठिकाने के पास उसे निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पीओके में बढ़ रहीं रहस्यमयी हत्याएं

पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान और पीओके में कई वांछित आतंकियों की इसी तरह अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या की जा चुकी है। इनमें भारत विरोधी गतिविधियों से जुड़े कई बड़े नाम शामिल रहे हैं। हर बार पाकिस्तान की एजेंसियां जांच की बात करती हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल पाता। हमजा बुरहान की मौत को भी उसी कड़ी में देखा जा रहा है। हालांकि इस घटना को लेकर अभी तक पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Articles

Back to top button