पुरुषों की तुलना में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर महिलाएं ज्यादा रहती हैं ऑनलाइन, इस रिपोर्ट ने खोला राज

भारत के शहरी इलाकों में महिलाएं तेजी से डिजिटल दुनिया की सबसे सक्रिय यूजर्स बनकर उभर रही हैं। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, मनोरंजन,...

भारत के शहरी इलाकों में महिलाएं तेजी से डिजिटल दुनिया की सबसे सक्रिय यूजर्स बनकर उभर रही हैं। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, मनोरंजन, मैसेजिंग, ऑनलाइन शॉपिंग और क्विक कॉमर्स जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर महिलाएं पुरुषों की तुलना में काफी ज्यादा समय बिता रही हैं। रिपोर्ट से साफ है कि देश में डिजिटल एंगेजमेंट को बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका सबसे मजबूत है।

मनोरंजन ऐप्स पर महिलाओं का राज

कंज्यूमर बिहेवियर एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म VTION और IAMAI की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, शहरी महिलाएं रोजाना औसतन 82.4 मिनट एंटरटेनमेंट कंटेंट देखने में बिताती हैं। इनमें भी 25 से 34 साल की उम्र की महिलाएं सबसे ज्यादा एक्टिव हैं, जो हर दिन लगभग 86 मिनट तक मनोरंजन से जुड़ा कंटेंट देखती हैं। वीडियो स्ट्रीमिंग, शॉर्ट वीडियो और सोशल एंटरटेनमेंट ऐप्स पर महिलाओं की यह भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

ऑनलाइन शॉपिंग में भी पुरुषों से आगे

ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी महिलाएं पुरुषों से काफी आगे निकल चुकी हैं। महानगरों में रहने वाली 25 से 34 वर्ष की महिलाएं हर दिन औसतन 35.2 मिनट ऑनलाइन शॉपिंग और क्विक डिलीवरी ऐप्स पर बिताती हैं, जबकि पुरुषों का यह औसत महज 24.8 मिनट दर्ज किया गया है। इन आंकड़ों से साफ है कि महिलाएं अब डिजिटल खरीदारी की सबसे बड़ी ताकत बन रही हैं।

AI ऐप्स का तेजी से बढ़ता क्रेज और बदलता ट्रेंड

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि शहरी भारत में AI ऐप्स का इस्तेमाल बहुत तेजी से बढ़ रहा है। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच AI एप्लिकेशन कैटेगरी में 100 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखी गई है। शहरी यूजर्स रोजाना औसतन 11.3 मिनट AI आधारित ऐप्स पर बिता रहे हैं। इस टूल का सबसे ज्यादा इस्तेमाल 18 से 34 साल के युवा और उच्च आय वाले परिवारों में देखा गया है।

अब लोग किसी प्रोडक्ट या ब्रांड की जानकारी के लिए सीधे सर्च इंजन या शॉपिंग ऐप्स पर जाने के बजाय AI टूल्स की मदद ले रहे हैं। बातचीत करने वाले ये AI प्लेटफॉर्म यूजर्स के ऑनलाइन फैसलों को तेजी से प्रभावित कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर युवाओं का कब्जा

सोशल मीडिया के इस्तेमाल के मामले में 18 से 24 साल के युवा सबसे आगे हैं। यह वर्ग रोजाना लगभग 120 मिनट सोशल मीडिया पर बिताता है, जबकि सभी यूजर्स का सामान्य औसत करीब 98 मिनट है। दूसरी तरफ, 35 साल से अधिक उम्र के लोग मनोरंजन कंटेंट देखने में सबसे ज्यादा समय दे रहे हैं।

4 करोड़ से ज्यादा लोगों के डेटा का विश्लेषण

यह रिपोर्ट 1 लाख से ज्यादा स्मार्टफोन्स के डेटा पर आधारित है, जो देश के लगभग 40.7 करोड़ शहरी भारतीयों की डिजिटल आदतों को सामने लाती है। रिपोर्ट के निष्कर्ष साफ दिखाते हैं कि भारत में डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने का तरीका तेजी से बदल रहा है और इसमें महिलाओं की भागीदारी लगातार सशक्त हो रही है।

Related Articles

Back to top button