
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से खेल जगत और इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ उभरते हुए पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने जो खुलासा किया है, वह बेहद हैरान करने वाला है। चिराग की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उसके ही साथी खिलाड़ी (टैम-मेट) यश खटीक ने की थी। हत्या की वजह कोई पुरानी दुश्मनी नहीं, बल्कि खेल के मैदान पर चिराग को मिली सफलता की जलन (Rivalry) थी।
एशियन पैरा गेम्स में चयन बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि चिराग त्यागी का चयन ‘एशियन पैरा गेम्स’ के लिए हो गया था। दूसरी तरफ, चिराग त्यागी ने आरोपी यश खटीक के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के बाद जब दस्तावेज़ों का सत्यापन (Document Verification) हुआ, तो यश खटीक का चयन एशियन गेम्स के लिए रुक गया। इस बात से यश के दिल में चिराग के प्रति भारी नफरत और जलन पैदा हो गई। उसे लगा कि चिराग की वजह से उसका करियर बर्बाद हो गया, जिसके बाद उसने चिराग को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
चिराग के ही पैसों से खरीदी पिस्टल, हत्या के बाद उड़ाए ₹3.25 लाख
साजिश के तहत शातिर यश खटीक ने चिराग त्यागी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में क्रूरता और चालाकी की हद तो तब पार हो गई जब पुलिस को पता चला कि हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल खुद चिराग के ही पेटीएम (Paytm) खाते से पैसे ट्रांसफर कर खरीदी गई थी। इतना ही नहीं, चिराग को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी यश ने उसके खाते से ₹3.25 लाख की रकम भी निकाल ली।
मददगार गगन गिरफ्तार, तीसरे आरोपी की तलाश
गाजियाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी यश खटीक को दबोच लिया है। इसके साथ ही, अवैध पिस्टल दिलाने में यश की मदद करने वाले उसके साथी गगन त्यागी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरी वारदात में शामिल तीसरे आरोपी अभिनव की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









