मैं नफरत का हकदार…, ₹370 की बिरयानी और ‘गंदी बात’, पर चौतरफा घिरे कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने फिर पकड़े कान

सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से सुर्खियां बटोर रहा '₹370 बिरयानी विवाद' थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में बुरी तरह फंसे मशहूर स्टैंडअप...

मुंबई: सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से सुर्खियां बटोर रहा ‘₹370 बिरयानी विवाद’ थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में बुरी तरह फंसे मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे (Pranit More) की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। महाराष्ट्र साइबर पुलिस द्वारा एफआईआर (FIR) दर्ज किए जाने और राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा कड़ी आपत्ति जताए जाने के बाद प्रणीत मोरे ने एक बार फिर हाथ जोड़कर जनता से माफी मांगी है।

प्रणीत ने एक नया वीडियो जारी कर स्वीकार किया है कि वे इस नफरत के हकदार हैं और भविष्य में एक बेहतर इंसान बनकर दिखाएंगे।

‘बहक गया था, सही-गलत का फैसला करने में गलती हुई’

इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने के बाद दोबारा एक्टिव हुए प्रणीत मोरे ने वीडियो जारी कर अपने दिल की बात रखी। उन्होंने कहा:

“आप सबने मेरा एक वीडियो देखा होगा जिसके लिए मुझे काफी नफरत मिल रही है और मुझे लगता है कि यह नफरत मैं डिजर्व भी करता हूँ। जब मैं उस लड़के से बात कर रहा था, तो उसने काफी अपमानजनक चीजें बोलीं। उसकी बातों पर सब हंस रहे थे, जिसके चलते मैं भी बहक गया और मुझसे सही-गलत का फैसला करने में बड़ी गलती हो गई।”

प्रणीत ने आगे कहा कि वे चाहते तो उस लड़के को उसी वक्त टोक सकते थे, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए और उसे एक ऐसा प्लेटफॉर्म दे दिया जिससे बात इतनी बढ़ गई। उन्होंने कहा कि वे कानूनी कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं और कंटेंट के साथ-साथ खुद पर भी काम कर रहे हैं।

जानिए क्या है पूरा ‘₹370 बिरयानी विवाद’?

दरअसल, यह पूरा विवाद प्रणीत मोरे के एक क्राउड वर्क (Crowd Work) शो के दौरान शुरू हुआ था। शो में गुरुग्राम का रहने वाला 22 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा नाम का लड़का अपनी डेटिंग लाइफ के बारे में बात कर रहा था।

लड़के का आपत्तिजनक बयान:

लड़के ने बताया कि उसने अपनी एक फीमेल फ्रेंड के लिए ₹370 की बिरयानी ऑर्डर की थी। बिरयानी खाने के बाद जब लड़की ने उसे घर छोड़ने के लिए कहा, तो लड़के ने सरेआम कहा कि उसके मन में लड़की से ‘पैसों की वसूली’ करने का विचार था (अर्थात वह लड़की के साथ जबरन फिजिकल होना चाहता था)। इसके आगे भी उसने बेहद आपत्तिजनक और भद्दे कमेंट्स किए।

ठहाके और आक्रोश:

इस शर्मनाक बात को सुनकर वहां मौजूद ऑडियंस और खुद प्रणीत मोरे भी जोर-जोर से हंसने लगे। जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

विवाद का असर: इस हरकत के बाद जहां हिमांशु जांगड़ा को गुरुग्राम में अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा, वहीं प्रणीत मोरे के खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कस गया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की दोटूक- ‘मनोरंजन के नाम पर मर्यादा न भूलें’

इस विवाद की गूंज महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों तक भी पहुंची। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कॉमेडियन्स को सख्त नसीहत देते हुए कहा:

“हर कोई स्टैंड-अप कॉमेडी का आनंद लेता है, मैं खुद भी देखता हूँ। लेकिन मनोरंजन के चक्कर में सामाजिक सीमाओं या गरिमा की मर्यादाओं का उल्लंघन करना बिल्कुल सही नहीं है। यह समाज के साथ अन्याय होगा। स्टैंड-अप कॉमेडी में कम से कम गरिमा के न्यूनतम मानकों का ध्यान रखा जाना बेहद जरूरी है।”

दिग्गजों ने भी खोला मोर्चा

इस मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर साक्षी शिवदासानी, एक्ट्रेस कुशा कपिला, आयशा खान, रीम शेख और एल्विश यादव सहित कई बड़ी हस्तियों ने हिमांशु और प्रणीत के इस रवैए का कड़ा विरोध किया था। चौतरफा कानूनी और सामाजिक दबाव के बीच अब प्रणीत मोरे लोगों से सुधरने के लिए एक आखिरी मौके की गुहार लगा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button