
आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोर की उसके हमउम्र दोस्त ने महज इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी, क्योंकि मृतक उसे बार-बार गालियाँ देता था। आरोपी किशोर रविवार दोपहर अपने दोस्त प्रिंस को घुमाने के बहाने रेलवे स्टेशन के पीछे सुनसान इलाके में ले गया और वहाँ मारपीट के बाद सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ कई वार कर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर घर भाग आया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।
रविवार दोपहर झाड़ियों में खून से लथपथ मिला था शव
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में 14 वर्षीय प्रिंस खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। आनन-फानन में उसे एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहाँ लगभग तीन घंटे तक चले उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
डीसीपी पश्चिम आदित्य ने बताया कि मामले की जाँच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में मृतक प्रिंस आखिरी बार अपने पड़ोस में रहने वाले एक हमउम्र किशोर के साथ जाता हुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। जब संदिग्ध किशोर के बारे में गहनता से जानकारी जुटाई गई, तो यह भी पता चला कि घटना के बाद से उसने घर से बाहर निकलना पूरी तरह बंद कर दिया था।
पूछताछ में उगल दिया सच
मंगलवार दोपहर पुलिस ने आरोपी किशोर के परिजनों को विश्वास में लेकर उन्हीं के सामने उससे कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि प्रिंस उसे कई बार सार्वजनिक रूप से गालियाँ दे चुका था। उसने इसकी शिकायत प्रिंस के परिजनों से भी की थी, लेकिन उसकी इस आदत में कोई सुधार नहीं आया। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने रविवार को प्रिंस को घुमाने के बहाने बुलाया और रेलवे स्टेशन के पीछे सुनसान जगह पर ले गया।
वहाँ दोनों के बीच पहले मारपीट हुई और फिर उसने गुस्से में आकर पास ही पड़ा एक भारी पत्थर उठाकर प्रिंस के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह सीधे घर भाग आया। उसके कपड़ों पर खून के धब्बे लग गए थे, जिन्हें उसने तुरंत धोकर छुपा दिया और उसके बाद से वह लगातार घर के अंदर ही छिपा रहा।









