‘विभाजन के कारण पिछड़े,मुगलों-अंग्रेजों ने खोखला बनाया’,झांसी में गरजे सीएम योगी,दिया विकसित उत्तर प्रदेश का मंत्र

झांसी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुंदेलखंड के झांसी जिले में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में शामिल हुए। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने इतिहास के काले अध्यायों का जिक्र करते हुए देश के पिछड़ने के कारणों को गिनाया, तो वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का खाका भी पेश किया।

“जब यूपी का हर जिला चमकेगा, तभी विकसित होगा राज्य”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास के विकेंद्रीकरण (Decentralization) पर जोर देते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश तब तक पूरी तरह विकसित नहीं हो सकता, जब तक इसके सभी जिले विकसित न हों। अगर हमें झांसी को विकसित बनाना है, तो हमें यहां के हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा।” उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है।

“गुलामी की मानसिकता छोड़ें, मुगलों-अंग्रेजों ने भारत को खोखला किया”
इतिहास पर कड़ा प्रहार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि हमें अब गुलामी की मानसिकता को पूरी तरह छोड़ना होगा और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर गौरव करना सीखना होगा। उन्होंने कहा, “मुगलों और अंग्रेजों ने भारत को आर्थिक और सामाजिक रूप से पूरी तरह खोखला बनाने का काम किया। मुगलों ने क्रूरता के बल पर भारतीयों के मन में भय पैदा किया था, लेकिन आज का भारत उस डर से मुक्त हो चुका है। इसी का परिणाम है कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है।”

पिछड़ने का मुख्य कारण ‘विभाजन’: सीएम योगी
देश के इतिहास से सीख लेने की नसीहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “अतीत में हमारे पिछड़ने का सबसे बड़ा और मुख्य कारण हमारा आपसी विभाजन था। हम जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर आपस में ही विभाजित थे। विदेशी आक्रांता इसी कमजोरी का फायदा उठाते थे; वे पहले हमें आपस में तोड़ते थे और फिर हम पर राज करते थे।” उन्होंने समाज को सचेत करते हुए कहा कि आज हमें एकजुट रहना होगा, क्योंकि जहां भी विभाजन और गरीबी होगी, वहां बीमारियां और परेशानियां अपने आप जन्म ले लेंगी।

“देश के वीर सैनिकों की बदौलत हम सोते हैं चैन की नींद”
देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज देश का हर नागरिक जो अपने घरों में चैन की नींद सो पाता है, वह सिर्फ और सिर्फ सरहद पर मुस्तैदी से खड़े हमारे वीर सैनिकों के बल पर ही संभव है। इसलिए सैनिकों और देश की सुरक्षा सर्वोपरि है।

Related Articles

Back to top button