
बिहार के भोजपुर जिले का भरत तिवारी एनकाउंटर मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्ष के हमलों और सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं की नाराजगी के बाद अब इस पूरे प्रकरण में भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज सितारों की भी एंट्री हो गई है। सोमवार को भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के ‘हिट मशीन’ कहे जाने वाले सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अचानक मृतक भरत तिवारी के पैतृक गांव बिलौटी पहुंचे। खेसारी के गांव में आने की खबर जैसे ही फैली, वहां पीड़ित परिवार के घर के बाहर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों और प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मां से मिलकर जाना हाल, बोले- ‘मैं आपके साथ खड़ा हूं’
खेसारी लाल यादव ने भरत तिवारी की शोकाकुल मां और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया। उन्होंने घटनाक्रम को बारीकी से समझा और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए न्याय की इस लड़ाई में हर संभव मदद का वादा किया। स्थानीय मीडिया से बातचीत में खेसारी ने कहा, “न्याय पाने के लिए पहले आपको खुद आगे आना होगा और एक बड़ा आंदोलन खड़ा करना पड़ेगा। अगर स्थानीय थाना आपकी बात नहीं सुन रहा है, तो कम से कम ऊपर बैठे बड़े अधिकारियों और सरकार तक यह आवाज पहुंचनी चाहिए। मैं इस लड़ाई में पूरी तरह आपके साथ खड़ा हूं।”
कानून के जानकारों की मदद लेने का दिया सुझाव
सुपरस्टार ने परिवार को व्यावहारिक सलाह देते हुए कहा कि वे किसी ऐसे व्यक्ति की मदद लें जो पढ़ा-लिखा हो और कानून का अच्छा जानकार हो, जो उन्हें अनशन और कानूनी दांव-पेंच के बारे में सही रास्ता दिखा सके। उन्होंने कहा, “गांव के स्तर पर किए गए आंदोलन से अब कुछ नहीं होगा। इस लड़ाई को शहर (पटना) तक ले जाना होगा। जब आप खुद हिम्मत दिखाएंगे, तो बाकी लोग भी आपके साथ जुड़ते चले जाएंगे।”
गौरतलब है कि इस मामले में राजनीति और सिनेमा जगत दोनों सक्रिय हैं। बीते रविवार (21 जून) को ही बीजेपी एमएलसी और पावरस्टार पवन सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर इस एनकाउंटर घटना पर गहरा दुख जताया था और जल्द ही पीड़ित परिवार से व्यक्तिगत रूप से मिलने का ऐलान किया है।









