मैनपुरी में करंट की चपेट में आने से पिता की मौत, एक दिन पहले हुई थी बेटी की शादी

मैनपुरी : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में खुशियां मातम में बदली गई । एक परिवार, जिस घर से एक दिन पहले उन्होंने अपनी बेटी को खुशी-खुशी विदा किया था, अगले ही दिन उसी घर में मातम पसर गया। बता दे कि कुरावली थाना क्षेत्र के गांव देवकली में 40 साल के सुनील की करंट लगने से मौत हो गई।

परिवार का आरोप है कि खेत के पास लगे बिजली के खंभे और उसके नीचे से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में काफी समय से करंट लीक हो रहा था, जिसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।

बेटी की शादी 21 जून को धूमधाम से हुई थी

मृतक की पहचान सुनील पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव देवकली थाना कुरावली के रूप में हुई है। सुनील के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। उनकी बेटी साधना की शादी 21 जून को धूमधाम से हुई थी। बारात अवागढ़ से गांव देवकली आई थी और सभी रीति-रिवाजों के साथ शादी संपन्न हुई थी। 22 जून को सुनील ने अपनी बेटी को खुशी-खुशी विदा किया था। यह दर्दनाक हादसा मंगलवार को तब हुआ जब परिवार अभी भी शादी की रस्में मना रहा था और मेहमानों को विदा कर रहा था।

खेत पर पौधे लगाने गया था

बताया गया कि मंगलवार को सुनील अपने खेत पर पौधे लगाने गया था। खेत के पास एक बिजली का खंभा खड़ा है, जिसके ऊपर से हाई-टेंशन लाइन गुजर रही है। आरोप है कि उसी खंभे और लाइन की वजह से वहां करंट उतर रहा था। सुनील खेत पर काम कर रहा था, तभी अचानक उसे करंट लग गया। उसकी चीखें सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े। गांव वालों ने किसी तरह उसे करंट से छुड़ाया और तुरंत इलाज के लिए कुरावली CHC ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

सुनील की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में एक दिन पहले बेटी की विदाई हुई थी, वहां अब मातम पसरा है। बड़ी संख्या में रिश्तेदार और गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए। सूचना मिलने पर लोकल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में हर कोई इस बात से दुखी है कि जिस पिता ने मेहनत और खेती-बाड़ी करके अपनी बेटी की शादी की थी, वह विदाई के अगले ही दिन दुनिया छोड़कर चला गया।

बिजली विभाग पर लगा लापरवाही का आरोप

पड़ोसी विकास राजपूत ने आरोप लगाया कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि गांव के लोगों ने कई बार विभाग को बताया था कि हाईटेंशन लाइन काफी नीचे से गुजर रही है और इससे बड़ा हादसा हो सकता है। यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभाग ने लाइन को ऊंचा करने या दूसरी जगह से शिफ्ट करने की जरूरत नहीं समझी। गांव वालों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई की गई होती तो सुनील की जान बच सकती थी और शादी वाले घर में मातम नहीं फैलता।

Related Articles

Back to top button