दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, भीषण आंधी से मचा हड़कंप, नोएडा से गुरुग्राम तक उड़ा धूल का गुब्बारा

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में अचानक तेज और भीषण आंधी शुरू हो गई है। सड़कों पर धूल का इतना घना गुबार उड़ रहा है कि पूरा आसमान धुंधला नजर आने लगा है और विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। तेज हवाओं के जोरदार थपेड़ों के कारण खुले में लगी दुकानों और रेहड़ी-पटरी वालों के सामान हवा में उड़ने लगे हैं, जिससे बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। राहगीर धूल से बचने के लिए मुंह ढककर सुरक्षित ठिकानों की तरफ भागते नजर आ रहे हैं।

धीमी हुई गाड़ियों की रफ्तार, उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत
अचानक आए इस अंधड़ के कारण सड़कों पर चल रहे वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। चालकों को दिन में ही अपनी गाड़ियों की हेडलाइट्स और इंडिकेटर्स जलाने पड़ रहे हैं। दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, और कई इलाकों में व्यापारियों ने नुकसान से बचने के लिए जल्दबाजी में अपना सामान समेटकर दुकानें बंद करनी शुरू कर दी हैं। हालांकि, इस आंधी के आने से पिछले कई दिनों से पड़ रही तीखी धूप और उमस भरी भीषण गर्मी से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान: आंधी के बाद होगी हल्की बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस आंधी के तुरंत बाद दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। बता दें कि मंगलवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही और तीखी धूप के बीच लोग उमस से परेशान थे और बिना एसी के कहीं राहत नहीं मिल पा रही थी। मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान था। वहीं, सुबह 9:30 बजे दिल्ली का एक्यूआई (AQI) 145 दर्ज किया गया था, जो कि ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस आंधी और संभावित बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

Related Articles

Back to top button