
अयोध्या: राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में मचे राष्ट्रव्यापी बवाल के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रमुख सदस्य और निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास जी महाराज का एक बेहद बड़ा और बेबाक बयान सामने आया है। ‘भारत समाचार’ से विशेष बातचीत करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि जहां अत्यधिक पैसा आता है, वहां अक्सर लोगों का दिमाग खराब हो जाता है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अगर इस मामले में कोई गलती या भ्रष्टाचार हुआ है, तो दोषी लोगों को तत्काल ट्रस्ट से हटाया जाना चाहिए और पूरा समाज भी यही चाहता है।
महंत दिनेंद्र दास ने इस विवाद को कलयुग का असर बताते हुए कहा, “यह कलयुग है, भगवान राम के समय में भी रावण थे और आज भी रावण मौजूद हैं। चोरी शुरू से हो रही है और आगे भी होती रहेगी, इसे कोई पूरी तरह नहीं रोक सकता। लेकिन प्रभु राम खुद इन गलत लोगों को सही करने का काम करेंगे। भगवान ने इन्हें खुद पकड़ लिया है और बाकी बचे चोर भी अपने आप बहुत जल्द पकड़े जाएंगे।” उन्होंने पुराना इतिहास साझा करते हुए एक चौंकाने वाला खुलासा किया कि साल 1982 में भी रामलला के यहाँ बड़ी चोरी हुई थी, तब चोर भगवान का सामान कुएं में फेंककर सारा पैसा लूट ले गए थे।
ट्रस्टी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि सीएम कार्यालय की तरफ से इस मामले में सख्त पैरवी और निगरानी हो रही है, जिससे सब कुछ जल्द ही सही हो जाएगा। दोषी लोग जेल भी जाएंगे और चोरी हुआ पैसा भी वापस आ रहा है। विपक्षी नेताओं पर बोलते हुए उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि वे केवल राजनीति के लिए ये सब कर रहे हैं, उनका राम से कोई वास्ता नहीं है। वहीं, कांग्रेस नेता अजय राय के मामले पर उन्होंने कहा कि प्रभु राम के दरबार में सब एक हैं और किसी को भी दर्शन करने से रोकना बिल्कुल ठीक नहीं है।









