“दुनिया की कोई ताकत दर्शन से नहीं रोक सकती…” अयोध्या में बोले अजय राय- चंदा चोरी के दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई…

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय अयोध्या पहुंचे और प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने 'भारत समाचार' से खास बातचीत में राम मंदिर में हुए चढ़ावे और चंदा चोरी मामले को लेकर नृपेंद्र मिश्रा, चंपत राय, बंसल और गोपाल राव जैसे बड़े नामों का जिक्र करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।

अयोध्या: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मंगलवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। अयोध्या दौरे के दौरान उन्होंने सबसे पहले प्रसिद्ध सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी मंदिर जाकर संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। हाल ही में अयोध्या में पैदा हुए राजनीतिक गतिरोध और प्रशासन की बंदिशों के बीच पहुंचे अजय राय ने साफ शब्दों में अपनी भक्ति और इरादे को जाहिर किया।

‘दुनिया की कोई ताकत दर्शन से नहीं रोक सकती’

हनुमानगढ़ी में हाजिरी लगाने के बाद अजय राय ने न्यूज़ चैनल ‘भारत समाचार’ से खास बातचीत की। प्रशासन द्वारा विपक्षी नेताओं के दौरों पर की जा रही सख्ती के सवाल पर उन्होंने बेहद तल्ख अंदाज में कहा, “हम प्रभु के भक्त हैं और दुनिया की कोई भी ताकत हमें भगवान के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने से नहीं रोक सकती है।”

चंदा और चढ़ावा चोरी मामले में बड़े नामों को घेरा

राम मंदिर में हाल ही में सामने आए दान और चढ़ावे की चोरी के मामले पर अजय राय ने प्रदेश की योगी सरकार और मंदिर ट्रस्ट को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सीधे तौर पर मंदिर निर्माण और प्रबंधन से जुड़े बड़े चेहरों का नाम लेते हुए कहा, “राम मंदिर के चढ़ावे में जो भी घोटाला या चोरी हुई है, उस पर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। चाहे वे नृपेंद्र मिश्रा हों, चंपत राय हों, संगठन महामंत्री धर्मपाल बंसल हों या फिर गोपाल राव हों किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए।”

अजय राय ने आगे कहा कि आस्था के नाम पर और प्रभु राम के चरणों में आने वाले चढ़ावे के साथ खिलवाड़ करने वाले महापापी हैं। उन्होंने भारत समाचार के माध्यम से जनता के सामने यह बात रखी कि उन्होंने हनुमान जी के चरणों में भी यही प्रार्थना की है कि राम मंदिर के नाम पर संगठित लूट करने वाले असली दोषियों पर जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई हो और सत्य की जीत हो।

Related Articles

Back to top button