दिल्ली-पंजाब में बड़ा आतंकी साजिश का भंडाफोड़, ISI एजेंट शहजाद भट्टी के 6 गुर्गे गिरफ्तार, हथियार और पेट्रोल बम बरामद…

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब में संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पाकिस्तान आधारित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के मॉड्यूल से जुड़े 6 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हथियार और पेट्रोल बम बरामद हुए हैं। यह नेटवर्क हथियारों की तस्करी और आतंकी साजिशों में सक्रिय था।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तान से संचालित हो रहे आतंकी और हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक गुप्त ऑपरेशन के तहत कुल 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान स्थित हैंडलर और कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में थे।

दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़

जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क दो मोर्चों पर काम कर रहा था—पहला मॉड्यूल सीधे तौर पर आतंकवादी गतिविधियों और हमलों की साजिश रच रहा था, जबकि दूसरा मॉड्यूल सीमा पार से ड्रोन के जरिए आने वाले अवैध हथियारों की तस्करी और सप्लाई चेन का प्रबंधन देख रहा था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कई पिस्टल, 3 पेट्रोल बम और एक बाइक बरामद की है।

सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को टारगेट

अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठा शहजाद भट्टी एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भारतीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें अपराध की दुनिया में धकेलने का काम कर रहा था। शुरुआती पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि ये आरोपी दिल्ली-एनसीआर और पंजाब के कई संवेदनशील इलाकों की रेकी कर रहे थे और विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।

खुफिया एजेंसियों की बड़ी सफलता

स्पेशल सेल अब इन आरोपियों के नेटवर्क, फंडिंग के स्रोतों और देश के भीतर इनके अन्य संपर्कों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क केवल छोटे स्तर की तस्करी तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका उद्देश्य भारत में अस्थिरता फैलाना और आतंकी साजिशों को गति देना था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने समय रहते एक संभावित बड़े खतरे को टाल दिया है। फिलहाल, दिल्ली और पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button