
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में गठित एसआईटी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं हो रही है और एसआईटी केवल लीपापोती करने का काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईटी के एक सदस्य पर पहले से ही 420 का मामला दर्ज है, ऐसे में जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक मामले की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह लड़ाई लखनऊ और दिल्ली की है।
सरकार पर हमला बोला
उन्होंने विपक्ष की शिकायतों और एफआईआर दर्ज न किए जाने को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विपक्ष की शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है और उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए – अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में लोग उनसे संपर्क कर रहे हैं और कई लोग इस मुद्दे पर अपनी बात रखना चाहते हैं। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं, उनके बयानों के बाद राम मंदिर से जुड़े मामले पर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।









