
हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती को पानी की बोतल समझकर एसिड पिला देने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद युवती की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पूरा मामला हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है।
बोतल में पानी नहीं बल्कि एसिड था
जानकारी के मुताबिक, युवती ने एक दुकान पर पानी मांगा था। आरोप है कि दुकानदार ने उसे बिसलेरी की बोतल बताकर एक बोतल दे दी। युवती ने जैसे ही बोतल से पानी पिया, उसकी हालत बिगड़ने लगी। बाद में पता चला कि बोतल में पानी नहीं बल्कि एसिड था। एसिड पीने के बाद युवती को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाके में मचा हड़कंप
वही पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बोतल में एसिड कैसे पहुंचा और इसमें किसकी लापरवाही थी। पुलिस ने पीड़िता और परिजनों से जानकारी जुटाई है। वहीं, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है। युवती की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं ।









