
रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े कारोबार के मामले में मंगलवार सुबह धनबाद में बड़ी कार्रवाई शुरू की है। जांच एजेंसी ने कोयला माफिया और उनके सहयोगियों से जुड़े करीब 25 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच कर रही
बता दे कि ED की अलग-अलग टीमें एक साथ कई जगहों पर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच कर रही हैं। यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े मामले में की जा रही है। जांच एजेंसी ने इस मामले में पहले ही चार अलग-अलग ECIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। ED को आशंका है कि अवैध तरीके से कोयला कारोबार के जरिए बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की गई है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
वही इससे पहले नवंबर 2025 में ED ने धनबाद और दुमका में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी को बड़ी मात्रा में जमीन से जुड़े दस्तावेज और करीब 2.20 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए थे।
ED की जांच में अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कई अहम साक्ष्य मिलने की बात सामने आई थी। फिलहाल एजेंसी की कार्रवाई जारी है और आगे की जांच की जा रही है।









