
चित्रकूट। जिले की देवांगना घाटी में नाबालिग प्रेमी को बंधक बनाकर नीट की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म करने और इस जघन्य वारदात का वीडियो इंस्टाग्राम पर डालने वाले तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस मामले में शामिल तीनों आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं।
मड़फा जंगल के पास हुई मुठभेड़
भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा जंगल के पास पुलिस को तीसरे आरोपी जीतेंद्र उर्फ भोले पटेल की लोकेशन मिली। जब पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें सिपाही राघवेंद्र के हाथ में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के घुटने के पास जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। बाद में उसे पकड़ लिया गया। घायल सिपाही और आरोपी दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर में भर्ती कराया गया है।
374 सीसीटीवी और 6000 कॉल खंगालने के बाद मिली सफलता
इससे पहले पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरा फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की पांच टीमें बनाईं, जिन्होंने लगातार 72 घंटे तक अभियान चलाया। 18 जगहों पर लगे 374 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गईं, छह हजार मोबाइल कॉल और लोकेशन का विश्लेषण किया गया और 58 संदिग्धों से पूछताछ की गई। 50 हजार के इनामी आरोपी जीतेंद्र को बाइक और तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दोनों साथी पहले ही पकड़े जा चुके हैं।
क्या है पूरी घटना?
22 जुलाई की शाम एमपी के सतना जिले की रहने वाली 20 वर्षीय युवती अपने 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमी के साथ बाइक से देवांगना घाटी घूमने आई थी। दोनों हवाई पट्टी के पास बैठे थे, तभी तीन युवक वहां आ धमके। आरोप है कि तीनों ने नाबालिग प्रेमी को बंधक बना लिया और फिर अपने तीन अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने इस पूरी वारदात का वीडियो भी बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर डाल दिया।
राहगीरों से मांगी मदद, किसी ने नहीं सुनी
पीड़ित युवती ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसने रास्ते से गुजर रहे लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। यहां तक कि घटना के वक्त उस रास्ते पर पुलिस की गश्त भी नहीं थी, जबकि पास में ही हवाई पट्टी और सर्किट हाउस भी मौजूद है। बाद में डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
जांच में सामने आया कि युवती राजस्थान में अपने पिता के साथ रहती है और करीब एक हफ्ते पहले ही चित्रकूट आई थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग युवक से उसकी दोस्ती हुई और दोनों कई बार रामघाट पर मिले। घटना वाले दिन दोनों ने जानकीकुंड के एक मेडिकल स्टोर से कुछ सामान और बेड़ी पुलिया के पास से बीयर की दो केन खरीदी थीं। पुलिस ने मौके से बीयर की केन और अन्य सामग्री बरामद की है।
महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने शनिवार को जिले का दौरा कर इस मामले पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बहिलपुरवा थाने से अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की और वन विभाग को घटना वाले जंगल क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटन स्थलों के आसपास शराब और गुटखे की दुकानों पर रोक लगाने को भी कहा।









